Skip to content

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर सख्त निर्देश, समय-सीमा बैठक में की मैराथन समीक्षा

रायगढ़, 3 फरवरी 2026।  कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समय-सीमा समीक्षा बैठक में प्रगति की विस्तृत जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत पहुंचे, यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री दौरे की तैयारियां तेज


कलेक्टर ने 14 फरवरी को संभावित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रायगढ़ दौरे के लिए निर्माण एजेंसियों को लोकार्पण-भूमिपूजन योग्य कार्यों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

राजस्व, निर्माण और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
राजस्व विभाग में अविवादित-विवादित नामांतरण, सीमांकन जैसे लंबित प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा की। अभिलेख अद्यतीकरण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, पर्यटन स्थलों के विकास, जल संरक्षण और नल-जल योजनाओं पर जोर दिया।

आधार संतृप्तिकरण, एनीमिया-कुपोषण न्यूनीकरण, आयुष्मान कार्ड, स्पर्श लेप्रोसी अभियान और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल निर्माण की प्रगति जांची। पीएम स्वनिधि, श्रम-योगी मानधन योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करने तथा किसानों को दलहन-तिलहन फसलों के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।