Skip to content

तमनार में रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह ग्राम लिबरा मेन रोड के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह से ठप रहा।

ससुराल से लौटते वक्त हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धौंराभांठा निवासी 32 वर्षीय उपेन्द्र राठिया सोमवार सुबह अपने ससुराल (टेरम) से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लिबरा गांव के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उपेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ‘डायल 112’ को सूचना दी और मदद कर घायल को तमनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया है।

मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण, लगा चक्काजाम

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल के समुचित उपचार और मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से चक्काजाम समाप्त कराया जा सका। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की सरगर्मी से तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच में जुट गई है।

ट्रिप के फेर में जानलेवा साबित हो रहे फ्लाई ऐश वाहन

इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार की पोल खोल कर रख दी है। गौरतलब है कि जिंदल से निकलने वाले फ्लाई ऐश परिवहन में लगी गाड़ियां क्षेत्र में आए दिन हादसों का कारण बन रही हैं। ज्यादा से ज्यादा ‘ट्रिप’ मारने के लालच में वाहन चालक सड़कों पर गाड़ियों को अंधी रफ्तार से दौड़ाते हैं। हालांकि, पुलिस-प्रशासन द्वारा समय-समय पर इन चालकों को रफ्तार कम रखने की हिदायत और समझाइश दी जाती है, लेकिन मुनाफा कमाने की होड़ में ये चालक सारे नियमों को ताक पर रख देते हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है।