रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 27 वर्षीय युवक किशोर दास ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतक के पिता ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का संगीन आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
घुघवा निवासी हुकुमदास वैष्णव ने पुसौर थाना प्रभारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि उनका पुत्र किशोर दास (27 वर्ष) रविवार सुबह नदी जाने के नाम पर घर से निकला था, लेकिन सुबह 8 बजे उसका शव फंदे पर लटकता मिला। परिजनों का आरोप है कि किशोर की मौत के पीछे उसके ससुराल वालों का हाथ है।
पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना
शिकायत के अनुसार, किशोर का विवाह 9 अप्रैल 2025 को हुआ था। शादी के बाद से ही पत्नी रायगढ़ में रहने की जिद कर रही थी, जबकि किशोर अपने माता-पिता के साथ रहना चाहता था। इसी बात को लेकर उपजे विवाद के बाद पत्नी अपने मायके चली गई।
पिता का आरोप है कि:
- ससुराल पक्ष द्वारा किशोर और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
- बिना किशोर की सहमति के गर्भपात (Abortion) कराया गया।
- समाज में बदनाम करने की धमकियां देकर किशोर को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मारपीट और ऑनलाइन जबरन वसूली का आरोप
हुकुमदास ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि 21 मार्च को जब किशोर कंपनी से काम कर लौट रहा था, तब कोतरा रोड के पास ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे रोककर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, किशोर के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवाए गए। घर पहुंचकर किशोर ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई थी, जिसके बाद अगले ही दिन उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
बैंक स्टेटमेंट की जांच की मांग
मृतक के पिता ने पुसौर पुलिस से मांग की है कि किशोर और उसकी पत्नी के बैंक स्टेटमेंट की जांच की जाए ताकि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


