Skip to content

रायगढ़ को बड़ी सौगात: जिला अस्पताल में शुरू हुआ ब्रेन हेल्थ क्लीनिक, अब मानसिक व मस्तिष्क रोगों का इलाज यहीं

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शुभारंभ, एक ही छत के नीचे मिलेगा निशुल्क परामर्श, इलाज और दवाएं

रायगढ़। रायगढ़ जिले के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी और राहत देने वाली पहल की शुरुआत हुई है। शासकीय जिला चिकित्सालय में ब्रेन हेल्थ क्लीनिक का शुभारंभ कर दिया गया है, जिससे अब मस्तिष्क, मानसिक एवं स्पाइन से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज जिले में ही संभव हो सकेगा।

क्लीनिक का विधिवत उद्घाटन छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदलते समय में ब्रेन और मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं और ऐसे में यह क्लीनिक रायगढ़ के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि अब मरीजों को इलाज के लिए रायपुर या बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जिला अस्पताल में ही निशुल्क परामर्श, निशुल्क इलाज और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।

सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा दंतेवाड़ा जिले में सफलतापूर्वक लागू किए गए मॉडल को वित्त मंत्री के मार्गदर्शन में रायगढ़ में भी शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले को ब्रेन और मानसिक रोगों से मुक्त करने की दिशा में यह एक मजबूत कदम है।

विशेष ओपीडी में मिलेंगी तीनों विभागों की संयुक्त सेवाएं

ब्रेन हेल्थ क्लीनिक के अंतर्गत विशेष ओपीडी प्रारंभ की गई है, जिसमें

  • न्यूरो मेडिसिन
  • न्यूरो सर्जरी
  • सायकेट्री (मानसिक रोग)

तीनों विभागों की संयुक्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यहां पार्किंसन, डिमेंशिया, अल्जाइमर, स्ट्रोक, लकवा सहित अन्य मस्तिष्क एवं मानसिक रोगों का उपचार किया जाएगा।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की तय समय-सारणी

  • प्रत्येक शनिवार – न्यूरो सर्जरी
  • प्रत्येक बुधवार – सायकेट्री
  • प्रत्येक माह का अंतिम शुक्रवार – न्यूरो मेडिसिन

जबकि जिला चिकित्सालय के नियमित चिकित्सक प्रतिदिन ओपीडी और काउंसलिंग सेवाएं प्रदान करेंगे।

लकवाग्रस्त मरीजों के लिए राहत

क्लीनिक के अंतर्गत न्यूरो फिजियोथेरेपी यूनिट भी प्रारंभ की जा रही है, जहां लकवा और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को निशुल्क फिजियोथेरेपी दी जाएगी, जिससे वे शीघ्र सामान्य जीवन में लौट सकें।

रायपुर सहित अन्य स्थानों से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से यह क्लीनिक रायगढ़ जिले के लिए एक आधुनिक और समन्वित उपचार केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

कार्यक्रम के पश्चात वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जिला चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया तथा अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बी. पठारे, नगर निगम आयुक्त ब्रजेश ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. जय कुमारी चौधरी, विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. ए.के. कुशवाहा, डॉ. पी.के. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।