रायगढ़ : जूटमिल थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मारपीट और विवाद की शिकायतों को लेकर रायगढ़ पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद गुरुवार शाम जूटमिल पुलिस और सशस्त्र बलों ने इलाके में व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर अपनी धमक दिखाई। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की शांति बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देर रात तक सड़कों पर उतरी पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा की मौजूदगी में इस फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में जूटमिल पुलिस और 6वीं बटालियन के जवानों ने काशीराम चौक, गढ़उमरिया, ओडिशा हाईवे और जूटमिल मार्केट एरिया के संवेदनशील इलाकों में देर रात तक पैदल पेट्रोलिंग की। इस दौरान पुलिस ने उन जगहों पर विशेष दबिश दी जहां आमतौर पर युवाओं की अड्डेबाजी होती है। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वाले कई लोगों को पकड़कर थाने भी लाया गया।
जनता से संवाद, युवाओं को चेतावनी
फ्लैग मार्च का उद्देश्य केवल खौफ पैदा करना नहीं, बल्कि आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव जगाना भी था। थाना प्रभारी ने इलाके के गणमान्य नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस ने गुटबाजी, स्टंटबाजी और विवाद करने वाले कई युवकों को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी। जनता से अपील की गई है कि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की बदमाशी या आवारागर्दी देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। त्वरित संपर्क के लिए बीट आरक्षकों और थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर भी नागरिकों को उपलब्ध कराए गए हैं।



