रायगढ़ | जिले में सक्रिय कबाड़ माफियाओं की अब खैर नहीं है। चोरी और अवैध कबाड़ के काले कारोबार की कमर तोड़ने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ ने अपराधियों की नींद उड़ा दी है। इसी कड़ी में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जामगांव क्षेत्र में अवैध स्क्रैप से लदे दो भारी वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 27 टन लोहे और टीन का कबाड़ जब्त किया है, जिसका सीधा कनेक्शन उत्तर प्रदेश के तस्करों से जुड़ा है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
जानकारी के मुताबिक, चक्रधरनगर पुलिस को अपने विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ की तरफ से दो माजदा वाहनों में भारी मात्रा में चोरी का कबाड़ भरकर जामगांव के रास्ते खपाने की तैयारी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी (निरीक्षक) राकेश मिश्रा के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ जामगांव के पास मोर्चा संभाला और घेराबंदी कर दी।
कुछ ही देर में मुखबिर के बताए अनुसार दो संदिग्ध माजदा वाहन (क्रमांक CG 04 PC 9120 और CG 10 BQ 0292) आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली, तो दोनों गाड़ियाँ लोहे और टीन के स्क्रैप से खचाखच भरी हुई मिलीं।
दस्तावेज नहीं दिखा पाए, तो हुए गिरफ्तार
पुलिस की पूछताछ में वाहन चालकों ने अपना नाम अरमान अहमद और रमजान खान बताया। दोनों मूल रूप से हमीरपुर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। जब पुलिस ने उनसे इस भारी-भरकम कबाड़ के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो वे बगलें झांकने लगे और कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
16 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त
जब पुलिस ने वाहनों का वजन कराया, तो पहले वाहन में 12,780 किलो और दूसरे वाहन में 14,560 किलो स्क्रैप मिला। दोनों वाहनों से कुल मिलाकर लगभग 27 टन अवैध कबाड़ बरामद हुआ है। जब्त किए गए स्क्रैप की बाजार कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, दोनों वाहनों को मिलाकर इस पूरी जब्ती की कुल कीमत 16 लाख 80 हजार रुपये के पार है। पुलिस ने नए कानूनों के तहत धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



