Skip to content

कबाड़ माफियाओं पर रायगढ़ पुलिस का बड़ा डंडा, तमनार चौक से 31 लाख की संपत्ति और 14 टन अवैध कबाड़ जब्त

रायगढ़। जिले में कबाड़ के अवैध कारोबार, चोरी के माल की खरीदी-बिक्री और उसके अवैध परिवहन पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ पूरे एक्शन में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों के बाद, थाना पूंजीपथरा पुलिस ने शनिवार रात एक बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस ने तमनार चौक पर सघन नाकेबंदी कर चार भारी वाहनों को अवैध कबाड़ का परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

​इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 14 टन 700 किलो लोहा एवं टीना कबाड़ जब्त किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 23 हजार 800 रुपये बताई जा रही है। वहीं, कबाड़ की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे चारों वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस तरह कुल 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की भारी-भरकम संपत्ति जप्त कर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है।

​मुखबिर की पक्की सूचना और सघन नाकेबंदी

​मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को 9 मई को मुखबिर से एक पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि धरमजयगढ़-घरघोड़ा क्षेत्र से कबाड़ माफिया अलग-अलग वाहनों में भारी मात्रा में अवैध कबाड़ लोड कर पूंजीपथरा की ओर आ रहे हैं।

​इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल तमनार चौक पर मोर्चा संभाला और सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन वहां पहुंचते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्परता से रोक लिया।

​कार्रवाई की जद में आए ये वाहन और आरोपी

​वाहनों की तलाशी लेने पर पुलिस को उनमें भारी मात्रा में कबाड़ सामग्री लदी हुई मिली। पकड़े गए वाहनों और आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:

  • ट्रक क्रमांक CG 04 MR 2867: इस वाहन को पुरूषोत्तम यादव (30 वर्ष, निवासी धरमजयगढ़) चला रहा था। तलाशी में करीब 03 टन 700 किलो लोहा और टीना कबाड़ मिला, जिसकी कीमत लगभग 88,800 रुपये है।
  • माजदा (छह चक्का) CG 14 MD 7161: चालक दीपक राम मांझी (23 वर्ष, निवासी पत्थलगांव, जशपुर) के कब्जे वाले इस वाहन से लगभग 80,000 रुपये कीमत का 04 टन कबाड़ बरामद हुआ।
  • माजदा वाहन CG 04 JD 7747: इसे पुनवा राम नौरंग (50 वर्ष, निवासी जैजैपुर, सक्ती) चला रहा था। इसमें 75,000 रुपये कीमत का करीब 03 टन लोहा और टीना कबाड़ लोड पाया गया।
  • माजदा वाहन CG 11 BM 6416: चालक किशना सतनामी (26 वर्ष, निवासी नंदेली भांठा, सक्ती) के वाहन से भी करीब 04 टन कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 80,000 रुपये है।

​कोई नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज

​जब पुलिस टीम ने चारों वाहन चालकों से इस कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज (बिल्टी या रसीद) मांगे, तो वे बगलें झांकने लगे। कोई भी चालक न तो संतोषप्रद जवाब दे सका और न ही कागजात पेश कर पाया।

​माल के चोरी के होने या संदिग्ध संपत्ति होने के प्रबल संदेह के आधार पर, पूंजीपथरा पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 35(क)(ड) एवं बीएनएस की धारा 303(2) के तहत इस्तगासा तैयार कर लिया है। इसके साथ ही इन पर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

​इस टीम ने ऑपरेशन को किया सफल

इस अहम और बड़ी कार्रवाई को एसएसपी  शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। ग्राउंड पर थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, गजेन्द्र पैंकरा और आरक्षक कीर्तन यादव ने इस धरपकड़ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।