Skip to content

Raigarh News: पुलिस ने पूछापारा में जुए के फड़ को किया ध्वस्त, 5 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार

रायगढ़: जिले में जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस का डंडा लगातार चल रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूछापारा तालाब के पास जुआ खेलते पांच लोगों को रंगे हाथों धर दबोचा है। पुलिस ने जुआरियों के फड़ से 8,650 रुपये नगद और ताश की गड्डियां जब्त की हैं, साथ ही आरोपियों पर सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

मुखबिर की सूचना पर रात में बिछाया जाल

मिली जानकारी के मुताबिक, 8-9 जून की दरम्यानी रात कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल अपनी टीम के साथ इलाके में रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी बीच उनके मुखबिर तंत्र से पक्की खबर मिली कि पूछापारा तालाब के पार कुछ लोग रुपयों का मोटा दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके की सटीक घेराबंदी की और अचानक दबिश दी। पुलिस को अचानक सामने देख जुआरियों में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस की चुस्त घेराबंदी के कारण कोई भी भागने में सफल नहीं हो सका।

ये जुआरी चढ़े पुलिस के हत्थे

पुलिस ने मौके से पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में कृष्णा निराला (25 वर्ष), सूरज कुमार निराला (23 वर्ष), मोहन वासुदेव (32 वर्ष), कुश साहू (31 वर्ष) और अमर यादव (32 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी मुख्य रूप से ढिमरापुर और इंदिरा नगर इलाके के निवासी हैं। पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से दांव पर लगे कुल 8,650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और एक दरी जब्त की है।

जुआ एक्ट के साथ-साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी

इन सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इसके अलावा, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के उग्र होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इनके खिलाफ अलग से धारा 170/126 और 135(3) बीएनएसएस (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है, ताकि भविष्य में ये ऐसी गतिविधियों से बाज आएं।

रेड में इनकी रही अहम भूमिका

कोतवाली पुलिस की इस सफल जुआ रेड में थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल की अगुवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा और आरक्षक बीरबल भगत, कमलेश यादव, कोमल तिवारी, घनश्याम ध्रुव व प्रदीप मिंज ने बेहद अहम भूमिका निभाई।

​रायगढ़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक जगहों पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि अगर उनके आसपास कोई भी ऐसी संदिग्ध या अवैध गतिविधि हो रही हो, तो उसकी सूचना बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर सख्त कदम उठाए जा सकें।