Skip to content

Raigarh News: 72 घंटे में सुलझी 70 हजार की सेंधमारी की गुत्थी, जेवर गलाने वाले 3 शातिर चोर सलाखों के पीछे

रायगढ़, 13 मई। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पार करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। घटना के महज 72 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े जाने के डर से इन आरोपियों ने चोरी के जेवर गला दिए थे और कुछ सबूतों को केलो नदी में फेंक दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों पर हुई इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने नगदी, गलाए हुए जेवर और वारदात में इस्तेमाल दो गाड़ियां भी जब्त की हैं।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर (चक्रधरनगर) निवासी संतोष कुमार देवांगन 8 मई को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किसी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। इसी दौरान घर को सूना पाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया। घर के अंदर घुसकर आरोपियों ने कमरे की खिड़की और अलमारी का लॉक तोड़ा और करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात उड़ा ले गए। 9 मई को वापस लौटने पर संतोष ने चक्रधरनगर थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बी.एन.एस. की धारा 331 (4) और 305 (ए) के तहत अपराध क्रमांक 224/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी इनपुट ने खोला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

सबूत मिटाने रची थी खौफनाक साजिश

पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपियों ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। पहचान छिपाने के मकसद से उन्होंने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को पिघलाकर उनका स्वरूप ही बदल दिया था। इतना ही नहीं, चोरी से जुड़े कुछ अन्य सामान उन्होंने केलो नदी में फेंक दिए ताकि कोई सुराग न बचे।

​इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले में संगठित अपराध और साक्ष्य मिटाने की बी०एन०एस० की अतिरिक्त धाराएं 112, 3(5) और 238 भी जोड़ दी हैं।

पुलिस के हत्थे चढ़े ये आरोपी:

  1. ​रोशन सिंह, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर
  2. ​शिवा सोनी, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर
  3. ​धरमदास महंत उर्फ प्रेम, निवासी पंजरीप्लांट, थाना चक्रधरनगर

यह माल हुआ बरामद:

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने और चांदी जैसा गलाया हुआ धातु, नगदी रकम, घर का टूटा हुआ ताला, धातु गलाने में इस्तेमाल किए गए औजार और वारदात में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन (एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी और एक एक्टिवा CG 13 BL 4874) जब्त कर लिए हैं। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

​इस पूरी कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे और उनकी टीम की भूमिका बेहद अहम रही।