रायगढ़, 1 फरवरी 2026। गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी – एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों पर रायगढ़ पुलिस ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के कुरमापाली पेट्रोल पंप पर पेट्रोलकर्मियों से मारपीट करने वाले चार आरोपियों को त्वरित गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई कार्रवाई में दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
घटना का विवरण
सुबह करीब 7 बजे पेट्रोल पंप पर खगपति पटेल (53 वर्ष, ठाकुरपाली निवासी), कमलेश पटेल और मनीष कुमार पटेल ड्यूटी पर थे। तभी चार युवक शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। मना करने पर गाली-गलौच के साथ मारपीट शुरू हो गई। पहले दो युवक भागे, लेकिन जल्द ही दो साथियों के साथ लौटकर तीनों कर्मचारियों पर हमला बोला। पीड़ितों को जिला चिकित्सालय रायगढ़ में भेजकर इलाज कराया गया।
थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 117(2), 119(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान ग्राम गोर्रा निवासी भानू प्रताप बघेल (42), कौशल बघेल (40), उत्तरा कुमार बघेल (40) और सुभाष बघेल (23) के रूप में की। पूछताछ में अपराध कबूलने पर भानू प्रताप से होंडा एसपी-125 (CG 13 AY 6019, मूल्य ₹25,000) और सुभाष से हीरो स्प्लेंडर (CG 13 BD 6204, मूल्य ₹25,000) जब्त की गई।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
भानू प्रताप, कौशल और उत्तरा आदतन बदमाश हैं। इनके खिलाफ पहले भी थाना कोतरारोड़ में मारपीट के केस दर्ज हैं और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हो चुकी है। सभी को गैर-जमानतीय धाराओं में रिमांड पर भेजा गया।


