Skip to content

रायगढ़: छातामुड़ा के पास भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर ने सायकल सवार को रौंदा; मौके पर ही दर्दनाक मौत

रायगढ़ सृष्टि | जुटमिल: रायगढ़ जिले के जुटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा के पास रविवार की दोपहर एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई है। एक बेलगाम रफ्तार ट्रेलर ने सायकल सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों का हुजूम जमा हो गया।

दोपहर का सन्नाटा चीखों में बदला

​मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच का है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर क्रमांक CG 12 S 5458 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सायकल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सायकल सवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई।

पुलिस की कार्रवाई और शिनाख्त की कोशिश

​घटना की सूचना मिलते ही जुटमिल थाना पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही शुरू कर दी है। हालांकि, मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। फिलहाल मृतक अज्ञात है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

ट्रेलर जब्त, जांच जारी

​जुटमिल पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शिनाख्त होने के बाद ही परिजनों को सूचना दी जाएगी।