Skip to content

रायगढ़ ब्रेकिंग: किरोड़ीमलनगर में लगातार 4 दिन नहीं मिलेगी शराब, प्रशासन ने घोषित किया ‘ड्राय डे’, जानें वजह..

रायगढ़ । स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से रायगढ़ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  मयंक चतुर्वेदी ने नगर पंचायत किरोड़ीमलनगर के विजयनगर (पूर्व) वार्ड क्रमांक 06 में आगामी मतदान और मतगणना के मद्देनजर संबंधित क्षेत्रों में ‘शुष्क दिवस’ (Dry Day) घोषित कर दिया है।

​प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 06 में 1 जून 2026 (सोमवार) को मतदान होना है, जिसके बाद 4 जून 2026 (गुरुवार) को वोटों की गिनती की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था चाक-चौबंद रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसे देखते हुए क्षेत्र में स्थित कोकड़ीतराई की देशी और विदेशी मदिरा दुकानों को पूरी तरह से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कब से कब तक बंद रहेंगी दुकानें?

प्रशासनिक आदेश के तहत शराब दुकानों को बंद करने का समय निर्धारित कर दिया गया है:

  • मतदान के दौरान: 30 मई 2026 की शाम 5 बजे से लेकर 1 जून 2026 को मतदान प्रक्रिया के पूर्णतः समाप्त होने तक शराब दुकानें बंद रहेंगी।
  • मतगणना के दिन: 4 जून 2026 को जिस दिन मतों की गिनती होगी, उस दिन भी दोनों मदिरा दुकानें (देशी एवं विदेशी कोकड़ीतराई) पूरे दिन के लिए बंद रखी जाएंगी।

कड़ाई से होगा नियम का पालन

कलेक्टर द्वारा जारी किया गया यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग के दिशा-निर्देशों और छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उपधारा (1) के तहत लागू किया गया है।

​जिला प्रशासन ने आबकारी विभाग और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। अवैध रूप से शराब की बिक्री या परिवहन करते पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।