Skip to content

शहर में आज 3 घंटे गुल रहेगी बिजली: मेंटेनेंस कार्य के चलते इन इलाकों में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक बाधित रहेगी आपूर्ति

रायगढ़, स्थानीय संवाददाता। शहर में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आवश्यक रख-रखाव के चलते आज, 15 मई (शुक्रवार) को कई प्रमुख क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई बंद रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा 33 केवी जीडीसी फीडर में मेंटेनेंस, कंस्ट्रक्शन और सुधार कार्य किया जाना प्रस्तावित है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को 3 घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।

​विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक 33 केवी जीडीसी फीडर और पुलिस लाइन उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 11 केवी लक्ष्मीपुर फीडर की सप्लाई पूरी तरह बाधित रहेगी। इस कटौती से शहर के कई अस्पताल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और कॉलोनियां प्रभावित होंगी।

इन क्षेत्रों में रहेगा ब्लैकआउट:

  • प्रमुख अस्पताल व प्रतिष्ठान: आर एल हॉस्पिटल, ग्लोबल हॉस्पिटल, रूपेन्द्र हॉस्पिटल, पशु चिकित्सालय, स्मार्ट बाजार, रिलायंस डिजिटल, आदित्य बिजनेस पार्क, दैनिक भास्कर कार्यालय और कार्मल स्कूल।
  • प्रमुख कॉलोनियां व क्षेत्र: पुलिस कॉलोनी, बापू नगर, लक्ष्मीपुर, निकले महादेव क्षेत्र, डीकॉट गली, मोदी कॉम्प्लेक्स, केलो प्रवाह एवं संबंधित इलाके।
  • प्रमुख होटल व 33 केवी के उपभोक्ता: होटल त्रिनिटी, होटल अकॉर्ड, होटल जिंदल रीजेंसी, होटल अंश और आशीर्वाद होटल।

विभाग ने की सहयोग की अपील

विद्युत विभाग ने इस कटौती से होने वाली असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से खेद व्यक्त किया है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से इस सुधार कार्य में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही, उपभोक्ताओं से बिजली की बचत करने और समय पर अपना बिजली बिल जमा करने का भी आग्रह किया गया है।