Skip to content

पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’: 24 घंटे में अवैध शराब के 7 ठिकानों पर दबिश.. 174 लीटर शराब जब्त..

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश- जिले में अवैध कारोबारियों की अब खैर नहीं; छह थाना क्षेत्रों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई।

रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)  शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पिछले 24 घंटों में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के छह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई 7 प्रभावी कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 174 लीटर अवैध महुआ, देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी राजसात किया गया है।

घरघोड़ा और चक्रधरनगर में बड़ी बरामदगी

​अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई घरघोड़ा थाना क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव की टीम ने ग्राम घरघोड़ी के डनसेनापारा में दबिश देकर कन्हैयालाल डनसेना (31) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 70 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार मूल्य करीब 10,500 रुपये आंकी गई है।

​वहीं, चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम जामगांव में रेड कर जितेश मिरधा (31) के कब्जे से 22 लीटर महुआ शराब जब्त की। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संजय तिवारी और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सड़क से घर तक पुलिस का पहरा

​जूटमिल पुलिस ने कोडातराई हवाई पट्टी के पास घेराबंदी कर सरिया निवासी शंकर राणा (25) को पकड़ा। आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (CG-13-BB-0578) पर देशी और अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने वाहन सहित भारी मात्रा में शराब जब्त की है। इसी तरह भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम बिंजकोट में जयनारायण डनसेना के बाड़ी से 10 लीटर शराब बरामद की।

खरसिया में दो अलग-अलग कार्रवाई

​चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने खरसिया के मालधक्का रोड पर दो आरोपियों को दबोचा। आरोपी यशोदा बाई और सुशील बघेल (दोनों निवासी मौहापाली) के पास से क्रमशः 15 और 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इस टीम में महिला आरक्षकों सहित पूरी फोर्स मुस्तैद रही।

“जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। ‘ऑपरेशन आघात’ का उद्देश्य नशे के अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। ऐसे समाज विरोधी कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।”

शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़

मुख्य बिंदु:

  • कुल जब्ती: 174 लीटर शराब (महुआ, देशी व अंग्रेजी)।
  • थाना क्षेत्र: घरघोड़ा, चक्रधरनगर, जूटमिल, भूपदेवपुर और खरसिया।
  • बड़ी जब्ती: घरघोड़ा पुलिस द्वारा 70 लीटर शराब बरामद।
  • वाहन जब्ती: शराब परिवहन में लगी एक एचएफ-100 बाइक जब्त।