Skip to content

पुलिस ने तोड़ी अवैध कबाड़ माफिया की कमर..  60.69 लाख की संपत्ति जब्त..!


एक सप्ताह के भीतर बड़ी कार्रवाई; 3 ट्रकों से 75 टन स्क्रैप बरामद, एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त तेवर


रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” ने जिले के अवैध कबाड़ परिवहन नेटवर्क पर जोरदार चोट की है। पिछले 48 घंटों के भीतर पूंजीपथरा, पुसौर और कोतरारोड़ पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए करीब 75 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में जब्त स्क्रैप और वाहनों की कुल कीमत 60 लाख 69 हजार रुपये आंकी गई है।


तीन थानों की बड़ी घेराबंदी: कार्रवाई का विवरण
रायगढ़ पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मुखबिरों की सूचना और मुस्तैद गश्त के जरिए इन खेपों को पकड़ा:थानावार कार्रवाई की मुख्य बातें
पूंजीपथरा पुलिस: निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में गेरवानी चौक पर 18 चक्का ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। इसमें भारी मात्रा में लोहे के एंगल, छड़ और मशीनरी पार्ट्स लोड थे। वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।


पुसौर पुलिस: पुसौर पुलिस ने सप्ताह की अपनी दूसरी बड़ी सफलता हासिल की। सरिया से रायगढ़ की ओर आ रहे ट्रक को रोककर जांच की गई, जिसमें करीब 25 टन कबाड़ बिना किसी वैध कागजात के परिवहन किया जा रहा था।
कोतरारोड़ पुलिस: रात्रि गश्त के दौरान कोसमनारा तिराहा पर नाकेबंदी कर 12 चक्का ट्रक को पकड़ा गया। चालक ट्रक में लदे 19 टन लोहे के टुकड़ों के संबंध में कोई भी संतोषजनक जवाब या दस्तावेज नहीं दे सका।


कानूनी शिकंजा
पुलिस ने सभी मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(क)(ड) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।


“जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी के माल की हेराफेरी पर पुलिस की पैनी नजर है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक ऐसे गिरोह पूरी तरह समाप्त न हो जाएं। अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़