Skip to content

गेरवानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़: बर्तन दुकान से ऑपरेट करने वाला मुख्य खाईवाल रामफल अग्रवाल पुलिस के शिकंजे में

रायगढ़, 23 मई 2026 । जिले में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ का असर अब जमीन पर साफ दिखने लगा है। पुलिस की लगातार और सख्त कार्रवाई से सटोरियों में हड़कंप है। आलम यह है कि पुलिस के खौफ से आरोपी अब अपराध से तौबा कर सरेंडर करने लगे हैं। इसी कड़ी में पूंजीपथरा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गेरवानी में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले नेटवर्क के मुख्य और फरार खाईवाल रामफल अग्रवाल को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

बर्तन दुकान की आड़ में चल रहा था काला खेल

​गौरतलब है कि बीते 11 मई 2026 को थाना पूंजीपथरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में दबिश दी थी। यहां मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल को रंगे हाथों दबोचा गया था। इस दौरान पुलिस ने श्याम कुमार के पास से तीन मोबाइल फोन और 17,000 रुपये नकद, जबकि सुरेश अग्रवाल के पास से एक मोबाइल और 1,400 रुपये नकद जब्त किए थे।

ऐसे खुला रामफल का नाम

​कड़ाई से पूछताछ करने पर गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पुलिस के सामने कबूल किया था कि वे सट्टे की यह पूरी रकम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल को नकद और डिजिटल माध्यम से पहुंचाते थे। पुलिस की रेड के दौरान भनक लगते ही रामफल अग्रवाल मौका पाकर फरार हो गया था। तब से ही थाना प्रभारी पूंजीपथरा, निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

आखिरकार चढ़ा पुलिस के हत्थे

​सट्टे के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार फरार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 22 मई 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रामफल अग्रवाल (पिता अशोक अग्रवाल, उम्र 46 वर्ष) को धर दबोचा।

इन धाराओं में हुई कार्रवाई

​इस पूरे मामले में पहले गिरफ्तार हुए आरोपी श्याम कुमार और सुरेश अग्रवाल के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं अब फरार आरोपी रामफल अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल और उनके हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।