Skip to content

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: ‘ऑपरेशन तलाश’ में एक माह में 251 चेहरों पर लौटी मुस्कान..

रायगढ़, 03 मई 2026। प्रदेश में गुमशुदा व्यक्तियों की खोज के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अप्रैल माह में मानवता की एक नई मिसाल पेश की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस ने केवल 30 दिनों के भीतर 251 गुमशुदा इंसानों को ढूंढ निकाला और उन्हें उनके परिजनों से मिलाया।

प्रमुख उपलब्धियां: आंकड़ों की जुबानी

​पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दस्तयाब किए गए 251 लोगों में 36 नाबालिग बच्चे और 215 बालिग युवक-युवतियां शामिल हैं। इस अभियान की सफलता में जिले के विभिन्न थानों ने सक्रिय भूमिका निभाई:

थाना लैलूंगा: सर्वाधिक 42 लोगों को तलाश कर जिले में प्रथम रहा।

थाना भूपदेवपुर: माह में दर्ज सभी नाबालिगों के मामलों को शत-प्रतिशत सुलझाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

अन्य थाने: चक्रधरनगर (29), जूटमिल (27), पूंजीपथरा (24), और कोतवाली व पुसौर ने 23-23 लोगों को सकुशल बरामद किया।

पंजाब से लेकर छत्तीसगढ़ के कोनों तक दबिश

​रायगढ़ पुलिस की टीमें केवल जिले तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने अंतरराज्यीय स्तर पर भी कार्रवाई की। जालंधर (पंजाब), अंबिकापुर, डभरा और चंद्रपुर जैसे दूरदराज के इलाकों से नाबालिग बालक-बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

अपराधियों पर ‘पॉक्सो’ का प्रहार

​पुलिस ने केवल बच्चों को बरामद ही नहीं किया, बल्कि उन्हें बहला-फुसलाकर ले जाने वाले और शोषण करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जूटमिल, पूंजीपथरा और कोतवाली पुलिस ने कई अहम मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत जेल भेजा है।