Skip to content

पुलिस का बड़ा एक्शन: एक ही दिन में 120 वाहनों का कटा चालान, वसूले गए 1.51 लाख

रायगढ़, 22 मई 2026 : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और बेलगाम रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए रायगढ़ यातायात पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों के बाद, पुलिस ने हाईवे और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ऐसा सघन चेकिंग अभियान चलाया कि यातायात नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया। सिर्फ एक दिन की चेकिंग में पुलिस ने 120 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹1,51,700 का जुर्माना वसूला है।

गेरवानी-पूंजीपथरा मार्ग पर भारी वाहनों पर गिरी गाज

गुरुवार, 21 मई को डीएसपी (ट्रैफिक) श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सड़कों पर मोर्चा संभाला। इस विशेष अभियान का सबसे तगड़ा असर भारी वाहनों वाले गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर देखने को मिला। यहां नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे भारी वाहनों के खिलाफ रिकॉर्ड चालानी कार्रवाई की गई।

​इसके अलावा शहर के भीतर और अन्य प्रमुख रास्तों पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। ओवर स्पीड, खतरनाक ड्राइविंग, नो पार्किंग, रजिस्ट्रेशन नंबर में गड़बड़ी, दोपहिया पर तीन सवारी, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों को रोककर पुलिस ने न सिर्फ समझाइश दी, बल्कि उनका चालान भी काटा।

लापरवाही पर अब ‘आपराधिक मानव वध’ का केस

रायगढ़ में लगातार हो रहे सड़क हादसों को एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस प्रशासन अब केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि गंभीर हादसों में सख्त कानूनी कदम भी उठा रहा है। इसका उदाहरण हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां दो गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में पुलिस ने आरोपी चालकों के विरुद्ध ‘आपराधिक मानव वध’ (गैर इरादतन हत्या) जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। यह इस बात का स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर लोगों की जान से खेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

केवल जुर्माना नहीं, जागरूकता भी है मकसद

रायगढ़ पुलिस का यह सघन अभियान केवल राजस्व वसूली के लिए नहीं है, बल्कि इसके पीछे का मूल उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाना है ताकि शहर के नागरिक सुरक्षित रहें।