रायगढ़, 26 मई 2026: रायगढ़ जिले में युवाओं की रगों में जहर घोलने वाले नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर ड्रग्स के एक बड़े नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में 6 किलो से अधिक गांजा और खतरनाक बुट्रम इंजेक्शन की खेप के साथ कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी मयंक मिश्रा व डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में हुई इस सर्जिकल स्ट्राइक ने शहर के नशे के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है।
बीड़पारा में गांजा सिंडिकेट पर बड़ी चोट
नशे के खिलाफ पहली बड़ी सफलता बीड़पारा इलाके में मिली। 25 मई 2026 को मुखबिर से मिली पक्की सूचना के आधार पर साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने इरशाद खान के मकान पर छापा मारा। पुलिस की इस अचूक कार्रवाई में आरोपी के कमरे में छिपाकर रखा गया 6.168 किलो गांजा (6 पैकेट) बरामद हुआ।
पूछताछ में इरशाद ने उगला कि वह यह काला कारोबार अपने साढू मोहम्मद वसीम (निवासी जोगीडीपा) के साथ मिलकर चला रहा था। पुलिस ने बिना समय गंवाए वसीम को भी धर दबोचा। वसीम ने कबूल किया कि यह पूरी खेप ओडिशा के एक तस्कर के जरिए मंगाई गई थी, जिसने दो दिन पहले ही यह माल डिलीवरी के लिए दिया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
रामलीला मैदान: नाबालिगों को नशा बांटते रंगे हाथों पकड़े गए
तस्करों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे नाबालिगों को भी नशे की गर्त में धकेल रहे थे। 26 मई को पुलिस को सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिग बच्चों को घातक ‘बुट्रम’ इंजेक्शन (Butorphanol Tatrate USP 2mg) लगा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कुछ नशेड़ी मौके से भाग निकले, लेकिन सोनियानगर निवासी सूरज पंडित और संजय नगर निवासी विमल केरकेट्टा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तलाशी में इनके पास से 24 नग नशीले इंजेक्शन, 2 सिरिंज, ₹7370 नकद, एक मोबाइल और एक अपाचे बाइक (CG13AY3523) जब्त की गई।
इनसे कड़ाई से पूछताछ में मुख्य सप्लायर का नाम सामने आया—खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सरोज यादव को भी घड़ी चौक, रायगढ़ के पास से दबोच लिया। इन आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 275, 286 और जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट की धारा 77 के तहत गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं।
गांजा तस्करी के आरोप में (NDPS एक्ट के तहत):
- इरशाद खान (37 वर्ष), पिता कुर्बान खान, निवासी- बीड़पारा, थाना कोतवाली।
- मोहम्मद वसीम (43 वर्ष), पिता बरकत मोहम्मद, निवासी- जोगीडीपा, थाना कोतवाली।
नशीले इंजेक्शन तस्करी के आरोप में (BNS व JJ एक्ट के तहत):
- सूरज पंडित (19 वर्ष), पिता रामलखन पंडित, निवासी- सोनिया नगर, रायगढ़।
- विमल केरकेट्टा (23 वर्ष), पिता रफेल केरकेट्टा, निवासी- संजय नगर बैंक कॉलोनी, बोईरदादर।
- सरोज यादव उर्फ बबलू यादव (29 वर्ष), पिता मुन्ना लाल यादव, निवासी- वार्ड नंबर 04 पठानपारा, खरसिया (मुख्य सप्लायर)।



