Skip to content

रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 23 लाख के अवैध कबाड़ और चोरी के सरिये के साथ दो धराए

रायगढ़, 19 मई । जिले में अवैध कबाड़ और चोरी की संपत्ति के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” अब माफियाओं के लिए काल बन रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े तेवर और दिशा-निर्देशों का असर धरातल पर साफ दिखने लगा है। इसी कड़ी में जूटमिल और छाल पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए करीब 23 लाख रुपये का अवैध कबाड़ और लोहे का सरिया जब्त कर कबाड़ माफियाओं की कमर तोड़ दी है।

जूटमिल पुलिस की दबिश: ओड़िशा पासिंग ट्रक से 24 टन कबाड़ जब्त

​एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जूटमिल, निरीक्षक अभिनव कांत सिंह की टीम को कल एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस को मुखबिर से सटीक भनक लगी थी कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास हाईवे किनारे एक संदिग्ध ओडिशा पासिंग ट्रक (OD-19-C-4666) खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में कबाड़ डंप है।

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर ट्रक को अपने कब्जे में लिया। जब ट्रक के चालक प्रमोद कुमार यादव (निवासी समस्तीपुर, बिहार) से माल के कागजात मांगे गए, तो वह बगले झांकने लगा और कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रक से 24 टन अवैध कबाड़ (कीमत करीब 8 लाख रुपये) और 12 लाख रुपये का ट्रक, यानी कुल 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। आरोपी चालक पर बीएनएसएस की धारा 35 (क), (ड) और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस अहम कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमश सिंह राजपूत, आरक्षक नरेश रजक और परमानंद पटेल की सक्रिय भूमिका रही।

छाल पुलिस का एक्शन: बेहरामार में 53 क्विंटल चोरी का सरिया बरामद

​दूसरी बड़ी कार्रवाई छाल थाना क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम बेहरामार में भोजराम पटेल नाम के व्यक्ति ने अपने घर के सामने बने शेड में भारी मात्रा में संदिग्ध लोहे का सरिया छिपाकर रखा है।

​पुलिस ने बिना समय गंवाए मौके पर रेड मारी। पूछताछ और तलाशी के दौरान वहां कामधेनु कंपनी का 8, 10 और 12 एमएम का कुल 55 बंडल (लगभग 53 क्विंटल या 5300 किलो) सरिया मिला। इसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। जब भोजराम पटेल से इन सरियों का बिल और वैध कागजात मांगे गए, तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के पुख्ता संदेह पर तुरंत माल जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 35(1-C) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन और आरक्षक राजेश राठौर शामिल रहे।