रायपुर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को रायपुर स्थित स्पीकर हाउस में ‘सर्व राजपूत क्षत्रिय समाज’ का भव्य स्नेह मिलन और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के 19 खापों (संगठनों) ने एकजुटता का शानदार परिचय दिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज को विकास की नई दिशा में ले जाने का आह्वान किया।
समारोह का शुभारंभ भगवान श्री राम और महाराणा प्रताप के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। डॉ. रमन सिंह ने 19 संगठनों के एकीकरण और उनके संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, “एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए हमें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की दिशा में मिलकर काम करने की महती आवश्यकता है।”
25 साल बाद एक मंच पर आया समाज: जितेन्द्र सिंह
सर्व क्षत्रिय राजपूत समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों बाद समाज को एक सूत्र में पिरोने का यह प्रयास अंततः सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि अब हमारा लक्ष्य समाज में व्याप्त आडंबरों और कुरीतियों को जड़ से खत्म करना है। युवाओं और महिलाओं को साथ लेकर एकता और समरसता के साथ एक स्वस्थ, समृद्ध और सुंदर समाज का निर्माण किया जाएगा, जिसका सकारात्मक प्रभाव पूरे भारत में देखने को मिलेगा।
संपूर्ण सवर्ण समाज की आवाज बनेगा संगठन
संगठन के संरक्षक केदार सिंह ठाकुर ने कहा कि इस महासंघ के माध्यम से हम न केवल क्षत्रिय समाज, बल्कि पूरे सवर्ण समाज की जायज मांगों को सरकार तक प्रमुखता से पहुंचाएंगे। वहीं, कोषाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने युवाओं के उत्थान की रूपरेखा रखते हुए बताया कि रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी। इसके अलावा, समग्र शिक्षा विकास के लिए छात्रावास और लाइब्रेरी खोलने की भी योजना है।
विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन
इस अहम आयोजन के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को 5 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। इसमें प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ में ‘सवर्ण आयोग’ का गठन करने, सवर्णों को 10% ईडब्ल्यूएस (EWS) आरक्षण का लाभ देने और यूजीसी (UGC) नियमों को लागू करने जैसी अहम मांगें शामिल हैं।
34 पदाधिकारियों ने ली समाज सेवा की शपथ
महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी में शामिल 19 क्षत्रिय संगठनों के कुल 34 पदाधिकारियों ने एक साथ पूर्ण निष्ठा और निस्वार्थ भाव से समाज हित में कार्य करने की शपथ ली।
इस भव्य समारोह में संगठन के संयोजक एवं महासचिव प्रेम सिंह ठाकुर, रतन सिंह, कपिल सिंह, राधारमण सिंह, एस.के. सिंह, दिनेश सिंह चौहान, कमल सिंह, अजीत सिंह, भीषम सिंह, बजरंग सिंह, दिनेश सिंह राणा, संतोष सिंह चौहान, अहिबरन सिंह परिहार, एस.पी. सिंह, रमेश सिंह, अर्जुन सिंह, भूपेंद्र सिंह, जगरूप सिंह, संजय सिंह, पूनम सिंह, रोहन सिंह और शैलेश सिंह सोमवंशी सहित 19 खापों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।



