Skip to content

खरसिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे में सुलझी उठाईगिरी की गुत्थी.. दो आरोपी गिरफ्तार..

रायगढ़, 13 फरवरी 2026 खरसिया के हमालपारा क्षेत्र में व्यवसायी की मोटरसाइकिल से नगदी और दस्तावेजों से भरा थैला चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के स्पष्ट संदेश “संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई” के तहत पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की है।

घटना का संक्षिप्त विवरण

​जवाहर कॉलोनी निवासी व्यवसायी विनोद अग्रवाल ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे, हमालपारा में दुकान के बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल के हैंडल से किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग पार कर दिया था। बैग में करीब 9,000 रुपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। शिकायत पर पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली सफलता

​चौकी प्रभारी अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुखबिरों और स्थानीय इनपुट के आधार पर दो संदेहियों को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

  1. राजू महंत (35 वर्ष), निवासी: हमालपारा, खरसिया।
  2. अंकित वैष्णव (27 वर्ष), निवासी: हमालपारा, खरसिया।

बरामदगी और कार्रवाई

​पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 8,000 रुपये नगद, पीड़ित का आधार कार्ड, पैन कार्ड, काला बैग और अन्य सामान बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।