रायगढ़, 3 फरवरी। ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन होने पर जिले के स्वर्गीय प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर की पत्नी श्रीमती सरस्वती सिंह ठाकुर और जीआरपी थाने के स्वर्गीय राम सिंह लकड़ा की पत्नी श्रीमती किरण लकड़ा को पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 10-10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह और एसबीआई शाखा पुसौर के प्रबंधक ने शोकाकुल परिवारों को चेक प्रदान करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा, “प्राप्त धनराशि का सदुपयोग करें और फर्जी निवेश योजनाओं के लालच से बचें। बड़ी राशि मिलने पर अक्सर धोखाधड़ी के जाल फैलते हैं।” बैंक प्रबंधन ने भी फेक कॉल और झूठे निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहने की सलाह दी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा,
पुलिस विभाग केवल सेवा संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है। इस कठिन घड़ी में हम हर कदम पर आपके साथ हैं। भविष्य में किसी भी सहायता की जरूरत हो, तो विभाग पूरा सहयोग देगा।” उन्होंने बताया कि जिले के सभी पुलिसकर्मियों का पुलिस सैलरी पैकेज कराया गया है, जिसमें आकस्मिक दुर्घटना या निधन पर एक करोड़ तक की बीमा राशि का प्रावधान है।
पुलिस ड्यूटी जोखिमपूर्ण होती है, यह बीमा परिवार के लिए मजबूत सहारा बनती है, ताकि वे आत्मबल से आगे बढ़ सकें।
डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने एसएसपी के प्रयासों और एसबीआई प्रबंधन के समयबद्ध सहयोग के लिए आभार जताया।



