Skip to content

रायगढ़ में रफ्तार का कहर: बेकाबू कार ने  पैदल राहगीर को मारी जोरदार टक्कर, हालत नाजुक

रायगढ़। शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक बेलगाम कार ने पैदल जा रहे एक शख्स को बेरहमी से अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में राहगीर बुरी तरह घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पीछे से आई मौत बनकर कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रधरनगर क्षेत्र के संजय नगर बैंक कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय नेहरू मिरी (पिता दालंग मिरी) रविवार दोपहर किसी काम से पैदल ही दुर्गा चौक की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बोईरदादर की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार (क्रमांक CG 04 PA 1685) के चालक ने घोर लापरवाही बरतते हुए उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

​यह टक्कर इतनी भयावह थी कि नेहरू मिरी छिटक कर सड़क पर जा गिरे, जिससे उनके सिर, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। रफ्तार का कहर यहीं नहीं थमा; इस अनियंत्रित कार के कारण पीछे से आ रही एक अन्य ईवी (EV) कार भी टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

खून से लथपथ तड़पते रहे नेहरू, स्थानीय लोगों ने दिखाई इंसानियत

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर खून से लथपथ पड़े नेहरू मिरी को देखकर स्थानीय लोगों ने इंसानियत का परिचय दिया और बिना एक पल गंवाए उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका सघन उपचार कर रही है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

गेरवानी के अर्चित अग्रवाल की बताई जा रही है कार

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिस कार ने इस खौफनाक हादसे को अंजाम दिया है, वह गेरवानी निवासी अर्चित अग्रवाल की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है ताकि उसे जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।