Skip to content

लोकलाज के डर से खामोश रही पीड़िता, फिर पति को बताई आपबीती… दुष्कर्म का आरोपी दिनेश कौशिक गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक परिचित द्वारा महिला को डरा-धमकाकर उसकी अस्मत लूटने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला अपराधों को लेकर रायगढ़ पुलिस के सख्त रवैये के चलते, शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

अकेलेपन का उठाया फायदा, डराकर की दरिंदगी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय पीड़िता ने 21 मई 2026 को धरमजयगढ़ थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई। महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज कराए गए बयान में पीड़िता ने बताया कि ग्राम बोरो निवासी 32 वर्षीय दिनेश कौशिक उसका और उसके पति का पूर्व परिचित है। 6 मई की दोपहर जब पीड़िता घर पर अकेली थी, तब आरोपी अचानक वहां पहुंचा। पति के घर पर न होने की बात जानकर आरोपी जबरन महिला के कमरे में घुस गया और दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने पीड़िता को धमकाया कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

खौफ और लोकलाज के कारण चुप रही पीड़िता

आरोपी की धमकियों और सामाजिक लोकलाज के डर से सहमी महिला ने शुरुआत में यह बात किसी को नहीं बताई। इस खामोशी का फायदा उठाकर आरोपी ने 7 मई को दोबारा महिला को डरा-धमकाकर अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। अंततः अपनी हिम्मत जुटाकर, घटना के एक हफ्ते बाद 14 मई को पीड़िता ने अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार ने पुलिस की शरण ली।

दबिश देकर घर से पकड़ा गया आरोपी

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए, धरमजयगढ़ पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) के तहत अपराध क्रमांक 145/2026 दर्ज किया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी दिनेश कौशिक को उसके गांव बोरो से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह, एएसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी  के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा और थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।