Skip to content

फेसबुक वाला प्यार, धोखे की दीवार: शादी का झांसा देकर 2 साल तक किया दुष्कर्म.. रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल..!

रायगढ़। फेसबुक के जरिए युवती से जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा देने और फिर दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

फेसबुक से हुई थी दोस्ती

​मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी एक युवती ने 20 मार्च को महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2021 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान रामभाठा निवासी प्रतीक सिदार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी प्रतीक ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और लगातार उसके संपर्क में रहा।

दो साल तक किया शारीरिक शोषण

​दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 4 मार्च 2024 से जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग स्थानों पर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। हाल ही में जब पीड़िता ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने कानून की शरण ली।

पुलिस की त्वरित घेराबंदी

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पीड़िता का कथन दर्ज कराने और मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी प्रतीक सिदार (26 वर्ष), निवासी रामभाठा, जवाहर नगर को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

टीम की भूमिका

​इस पूरी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे और प्रधान आरक्षक संदीप भगत की मुख्य भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।