Skip to content

खरसिया से चोरी हुई कार दिल्ली से बरामद: मैकेनिक ने डुप्लीकेट चाबी से की थी चोरी, रायगढ़ पुलिस ने दबोचा

रायगढ़ (14 मई, 2026): खरसिया शहर से चोरी हुई वेन्यू कार को बरामद करने में चौकी खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए चोरी की गई कार को दिल्ली से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पेशेवर कार मैकेनिक है, जिसने योजनाबद्ध तरीके से कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार की थी और वाहन चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर उसका उपयोग कर रहा था।

वारदात का खुलासा और गिरफ्तारी

मामले के अनुसार, 6 मई 2026 को संदीप कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी वेन्यू कार (क्रमांक CG 04 MT 7666) घर के सामने से चोरी हो गई है। खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 218/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और होटल में जमा पहचान दस्तावेजों के तकनीकी विश्लेषण से पुलिस मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसकी लोकेशन दिल्ली में मिली।

​वाहन स्वामी विजय ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में कार दुर्घटनाग्रस्त होने पर उसकी मरम्मत दिल्ली के एक मैकेनिक से कराई गई थी। इसी सुराग पर प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम दिल्ली रवाना हुई और तीन दिनों की घेराबंदी के बाद आरोपी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया।

चोरी का तरीका

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मरम्मत के दौरान ही कार की डुप्लीकेट चाबी बना ली थी। उसे कार के जीपीएस सिस्टम की भी जानकारी थी। उसने खरसिया आकर कार चोरी की और पकड़े जाने के डर से दिल्ली की नंबर प्लेट लगाकर वाहन चला रहा था। वह कार का डेंट-पेंट बदलकर उसे दूसरे राज्य में बेचने की फिराक में था।

जेल भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आमिर (39 वर्ष), निवासी शाहदरा दिल्ली/लोनी गाजियाबाद की निशानदेही पर 6 लाख रुपये मूल्य की वेन्यू कार जब्त कर ली है। प्रकरण में धोखाधड़ी की धारा 318 BNS भी जोड़ी गई है। आरोपी को दिल्ली कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर खरसिया लाया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

​इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा, आरक्षक कीर्ति सिदार, केशव चौहान और साइबर सेल के धनंजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।