रायगढ़। शहर के प्रतिष्ठित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट ‘एमएसपी कार्डिनल कप’ के नौवें संस्करण का गुरुवार रात भव्य शुभारंभ हुआ। दूधिया रोशनी से नहाए स्टेडियम में खेल, रोमांच और ग्लैमर का अनूठा संगम देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में खेल भावना के साथ-साथ पुलिस, प्रशासन और औद्योगिक जगत की दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे एसएसपी शशि मोहन सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन और टीम भावना का सर्वश्रेष्ठ माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा खिलाड़ी आगे चलकर एक अनुशासित नागरिक बनता है और ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का एक बेहतरीन मंच हैं। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएसपी प्लांट के प्रेसिडेंट वीएस सिंह, सीओओ बीके सिंह और श्री इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर विकास अग्रवाल भी शामिल हुए। अतिथियों ने पिच पर विधिवत पूजा-अर्चना कर और बल्ला थामकर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया।
ग्लैमर और रोमांच से हुई शुरुआत
आयोजकों ने इस बार टूर्नामेंट में नया प्रयोग करते हुए पहला मुकाबला डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के बीच कराया। सोशल मीडिया के इन सितारों को रील की दुनिया से निकलकर क्रिकेट पिच पर पसीना बहाते देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा दर्शक स्टेडियम पहुंचे। इस मुकाबले ने पूरे टूर्नामेंट के लिए एक हाई-वोल्टेज और ऊर्जावान माहौल तैयार कर दिया।
पुलिस एकादश ने पत्रकार एकादश को दी शिकस्त
उद्घाटन का मुख्य मुकाबला ‘कलम के सिपाहियों’ (पत्रकार एकादश) और ‘कानून के रखवालों’ (पुलिस एकादश) के बीच खेला गया, जिसमें पत्रकारों ने मैच भले ही हारा हो, लेकिन दर्शकों का दिल जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पत्रकार एकादश की शुरुआत लड़खड़ा गई। पुलिस के गेंदबाज रामचरण और डहरू के शुरुआती झटकों के कारण टीम 8 ओवर में 48 रन ही बना सकी। पत्रकार एकादश की तरफ से नीरज तिवारी ने सर्वाधिक 18 रनों की जुझारू पारी खेली, जबकि अंत में अभिषेक उपाध्याय ने महत्वपूर्ण 8 रन जोड़े।
49 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस एकादश ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। डीएसपी उत्तम सिंह ने शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुए 22 गेंदों में लगातार दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। पुलिस एकादश ने बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए मात्र 6 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर उद्घाटन मैच अपने नाम कर लिया।
मध्य भारत का बड़ा नाइट टूर्नामेंट बना कार्डिनल कप
एमएसपी कार्डिनल कप के अध्यक्ष अरुण उपाध्याय ने बताया कि यह नौवां सीजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पूरे शहर को एक सूत्र में पिरोने वाला उत्सव है। वहीं समिति के सदस्य वीर सिंह ने बताया कि प्रायोजकों के बिना इस स्तर का आयोजन संभव नहीं था। एमएसपी, जिंदल स्टील, सिंघल ग्रुप और अदाणी फाउंडेशन सहित तमाम स्पॉन्सर्स के सहयोग से यह टूर्नामेंट आज मध्य भारत के सबसे बड़े नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट्स में से एक बन गया है।
मैच के दौरान दर्शकों का भारी उत्साह देखने को मिला। रात के इस भव्य आयोजन को देखते हुए चक्रधर नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद नजर आए।


