Skip to content

वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर लगा नया ट्रांसफार्मर, रायगढ़ की जनता बोली- ‘हमें खुशकिस्मती से मिले ऐसे नेता’

रायगढ़। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से हलाकान रायगढ़ के वार्ड नंबर 34 के निवासियों को अब एक बड़ी राहत मिली है। क्षेत्र में बार-बार लो-वोल्टेज और ‘फेस डाउन’ की गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए, माननीय वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी के निर्देश पर त्वरित समाधान निकाला गया है। समस्या के स्थायी निदान के लिए पुराने 63 केवी ट्रांसफार्मर को हटाकर नया 100 केवी का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है।

क्या थी समस्या?

ओडिशा रोड स्थित पार्क सिटी कॉलोनी के सामने, बंसल गोदाम के समीप रहने वाले लोग पिछले कुछ दिनों से भारी परेशानी का सामना कर रहे थे। ‘फेस डाउन’ होने के कारण न केवल घरों के महंगे बिजली उपकरण खराब हो रहे थे, बल्कि पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह से ठप पड़ गई थी। गर्मी की छुट्टियों के कारण अधिकांश घरों में बेटियां और बच्चे आए हुए हैं, जिससे पानी और बिजली का यह संकट मोहल्लेवासियों के लिए और भी पीड़ादायक हो गया था।

जनप्रतिनिधि की पहल और त्वरित कार्रवाई

इस जनसमस्या को देखते हुए रायगढ़ चक्रधर नगर जूटमिल मंडल के भाजपा कोषाध्यक्ष अनुराग मित्तल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जमीनी हकीकत से माननीय वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को अवगत कराया और विद्युत विभाग (जोन 2) के सहायक यंत्री से भी इस विषय पर गंभीरता से चर्चा की।

​जनता की परेशानियों को लेकर हमेशा संवेदनशील रहने वाले वित्त मंत्री ने इस विषय को गंभीरता से लिया। उन्होंने बिना कोई समय गंवाए विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री (एस.ई.) गुंजन शर्मा को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

युद्धस्तर पर बदला गया ट्रांसफार्मर

एस.ई. गुंजन शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में विद्युत विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला। टीम ने इलाके के ओवरलोड को देखते हुए 63 केवी के ट्रांसफार्मर की जगह 100 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है। इससे पूरे इलाके में बिजली की सुचारू आपूर्ति बहाल हो गई है और लोगों को गर्मी व जल संकट से निजात मिल गई है।

“रायगढ़ की जनता की खुशनसीबी है ओपी चौधरी जैसे जनप्रतिनिधि का मिलना”

समस्या के इस त्वरित और स्थायी समाधान पर वार्डवासियों में हर्ष का माहौल है। भाजपा नेता अनुराग मित्तल ने मोहल्लेवासियों की ओर से वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, एस.ई. गुंजन शर्मा और पूरी विद्युत टीम का तहेदिल से आभार व्यक्त किया है।