रायगढ़/लैलूंगा: रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने मंगेतर के साथ मिलकर एक कॉलेज प्रोफेसर की बीच सड़क पर धुनाई कर दी। युवती का आरोप है कि रक्षक की भूमिका में रहने वाला यह प्रोफेसर पिछले डेढ़ साल से उसे अश्लील मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। इस पूरे हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डेढ़ साल की मानसिक प्रताड़ना और फिर फूटा गुस्सा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर रेमन भार्गव लैलूंगा के शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ है और पीड़िता उसी के पड़ोस में रहती है। युवती का दर्द बयां करता है कि कैसे प्रोफेसर उसे व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। मना करने के बावजूद जब उसकी शर्मनाक हरकतें बंद नहीं हुईं और कॉल करके परेशान करने का सिलसिला जारी रहा, तो युवती को कड़ा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।
कॉलोनी में हुआ बवाल, सरेआम जड़े थप्पड़
रोज-रोज की इस प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार 1 जुलाई (बुधवार) को युवती के सब्र का बांध टूट गया। वह अपने होने वाले पति (मंगेतर) के साथ प्रोफेसर की कॉलोनी जा पहुंची। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में तमतमाई युवती ने प्रोफेसर का कॉलर पकड़ लिया और उसे सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो में एक तरफ जहां प्रोफेसर की पत्नी बीच-बचाव कर माफी मांगती हुई नजर आ रही है, वहीं युवती का आक्रोश स्पष्ट सुना जा सकता है। युवती ने गुस्से में कहा, “तुम मुझे लूटोगे। तुम्हारे घर को मैं पूरी तरह नोंचकर रख दूंगी। मैं शादी करने वाली हूं।” युवती ने यह भी दावा किया कि प्रोफेसर ने सिर्फ उसे ही नहीं, बल्कि कई अन्य लड़कियों को भी इसी तरह परेशान किया है। उसने उन सभी लड़कियों से आगे आकर इस कानूनी लड़ाई में उसका साथ देने की अपील की है।
क्या कहना है जिम्मेदारों का?
- शासकीय कॉलेज कुंजारा के प्राचार्य का पक्ष: इस घटना पर शासकीय कॉलेज कुंजारा के प्राचार्य एमएल पटेल ने स्पष्ट किया कि यह मामला कॉलेज परिसर का नहीं, बल्कि प्रोफेसर का निजी मामला है। घटना की जानकारी उन्हें भी बाद में मिली। कॉलेज प्रबंधन के पास युवती द्वारा कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर ही उच्च विभाग को जानकारी देकर कार्रवाई की जाती।
- समझौते पर खत्म हुआ मामला: लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि युवती ने थाने आकर प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी और इंसाफ की गुहार लगाई थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते पुलिस द्वारा इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।



