Skip to content

रायगढ़ एल्डरमैन सूची: 8 पदों में एक भी महिला नहीं, क्या सत्ता के गलियारों में ‘महतारी वंदन’ सिर्फ एक नारा है?

रायगढ़ : लंबे समय से जिले के राजनीतिक गलियारों में जिस सूची को लेकर कयासों का बाजार गर्म था, वो आखिरकार सामने आ ही गई। राज्य शासन ने रायगढ़ नगर निगम सहित जिले के अन्य निकायों के लिए एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की सूची जारी कर दी है। अपनों को पद मिलने से जहाँ कई नेताओं के चेहरों पर खुशी की चमक है, वहीं इस सूची ने एक ऐसा तीखा सवाल भी खड़ा कर दिया है, जो आधी आबादी (महिलाओं) को सोचने पर मजबूर कर रहा है।

सिर्फ कागजों में रह गया ‘महतारी वंदन’?

जब हम रायगढ़ सृष्टि की टीम ने इस सूची का बारीकी से विश्लेषण किया, तो एक बात जो सबसे ज्यादा अखरती है, वो है योग्य महिला दावेदारों की घोर अनदेखी। ‘महतारी वंदन’ जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को सशक्त करने का दावा करने वाली व्यवस्था ने, रायगढ़ नगर निगम के 8 एल्डरमैन पदों में से एक भी कुर्सी किसी महिला को देना जरूरी नहीं समझा।

​ऐसा नहीं है कि पद के लिए महिला दावेदार नहीं थीं। पार्टी के झंडे उठाने से लेकर घर-घर जाकर प्रचार करने वाली कई सक्षम महिलाएं कतार में थीं, लेकिन जब सत्ता में भागीदारी की बात आई, तो उन्हें किनारे कर दिया गया। अगर खरसिया या घरघोड़ा जैसे एक-दो निकायों को छोड़ दिया जाए, तो पूरे जिले में महिलाओं को लगभग नजरअंदाज कर दिया गया है। यह उन तमाम महिला कार्यकर्ताओं के लिए एक गहरी निराशा है, जो उम्मीद लगाए बैठी थीं कि इस बार उनके संघर्ष को भी पहचान मिलेगी।

आइये एक नज़र डालते हैं जिले भर में जारी की गई नियुक्तियों पर:

  • रायगढ़ नगर निगम (8 पार्षद मनोनीत): ज्ञानेश्वर गौतम, मनोज शर्मा, मनीष गांधी, प्रदीप श्रृंगी, सुनील थवाईत, संजय जगवानी, शशि कुमार शर्मा और पप्पू कुमार।
  • खरसिया नगर पालिका: सरिता सहिस, शशि भूषण राठौर, रतन अग्रवाल, संजय अग्रवाल और राकेश धृतलहरे।
  • धरमजयगढ़ नगर पंचायत: अनिल पांडेय, नीरज अग्रवाल, संतोष कुमार सारथी।
  • घरघोड़ा नगर पंचायत: विजय सिन्हा, डोले प्रसाद पटेल, कुंतिला उरांव।
  • लैलूंगा नगर पंचायत: रमेश पटनायक, दिनेश यादव, नरेश नायक।
  • किरोड़ीमलनगर पंचायत: वाल्मिकी साहू, राजकिशोर सिंह ठाकुर, अजय कुमार अग्रवाल।
  • पुसौर नगर पंचायत: त्रिनाथ गुप्ता, अभिमन्यु साहू, विकास कुमार होता।