Skip to content

रायगढ़ ब्रेकिंग: लोईंग के ग्रामीण बैंक में लगी भीषण आग, धू-धू कर जला बैंक, देखें video..

रायगढ़ : जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे बैंक को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी, लेकिन तब तक बैंक का ज़्यादातर हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।

धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी

​जानकारी के अनुसार, यह घटना करीब साढ़े नौ बजे की है। लोईंग बाजार मोहल्ला स्थित मनोज प्रधान के मकान में यह बैंक किराए पर संचालित हो रहा है। इसी मकान के ऊपरी माले पर मकान मालिक मनोज प्रधान का परिवार और एक अन्य किरायेदार निवास करते हैं। बैंक के अंदर से अचानक जब धुआं उठने लगा, तो ऊपर रह रहे परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने बिना देर किए तुरंत इसकी सूचना बैंक मैनेजर कुणाल कुमार को दी।

दमकल के पहुंचने तक स्वाहा हो चुका था बैंक

घटना की भनक लगते ही बैंक मैनेजर ने आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड (दमकल विभाग) को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू तो पा लिया गया है, लेकिन जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और बैंक पूरी तरह जलकर तबाह हो चुका था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, तिजोरी पर सस्पेंस

बैंक मैनेजर कुणाल कुमार ने अंदेशा जताया है कि यह भीषण आग संभवतः ‘शॉर्ट सर्किट’ की वजह से लगी होगी। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और ऊपर रह रहे लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, बैंक के सारे दस्तावेज़ और कंप्यूटर आदि जलने की खबर है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि बैंक की तिजोरी सुरक्षित है या नहीं। आग तिजोरी तक पहुंची है या नहीं, इसका पता अभी तक नहीं चल सका है। पुलिस और बैंक प्रबंधन नुकसान का जायजा लेने में जुटे हुए हैं।

देखें वीडियो