Skip to content

‘स्वस्थ जवान ही कर सकता है ड्यूटी के साथ न्याय’: रायगढ़ पुलिस और IMA के मेगा हेल्थ कैंप में 400 जवानों और परिजनों का निःशुल्क चेकअप

रायगढ़। पुलिसकर्मियों की लगातार ड्यूटी, तनाव और व्यस्तता के बीच अक्सर उनका खुद का स्वास्थ्य नजरअंदाज हो जाता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए 31 मई को रायगढ़ पुलिस और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के संयुक्त तत्वावधान में उर्दना स्थित पुलिस लाइन में एक विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 400 पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, महत्वपूर्ण जांच और दवाइयों की सुविधा मिली।

सेहत की अनदेखी बन सकती है गंभीर

शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह, आईएमए के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा, आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल और सचिव डॉ. राजकुमार गुप्ता की मौजूदगी में हुआ।

​जवानों को संबोधित करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक स्वस्थ जवान ही अपनी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के साथ पूर्ण न्याय कर सकता है। उन्होंने कहा कि समय के अभाव और भागदौड़ के चलते जवान अक्सर अपनी सेहत की अनदेखी कर देते हैं, जिससे छोटी बीमारियां भी गंभीर रूप ले लेती हैं। ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य यही है कि बीमारियों की शुरुआती स्टेज में ही पहचान कर उनका सही समय पर इलाज किया जा सके।

30-40 की उम्र में बीपी-शुगर, डॉक्टरों ने किया अलर्ट

कैंप में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान एक चिंताजनक पहलू भी सामने आया। सीनियर कंसल्टेंट (मेडिसिन) डॉ. जितेंद्र कुमार नायक ने बताया कि जांच में 30 से 40 वर्ष के कई ऐसे पुलिसकर्मी मिले, जिन्हें खुद पता नहीं था कि वे हाई ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जैसी साइलेंट बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं। डॉक्टरों ने उन्हें दवाओं के साथ-साथ जीवनशैली में बदलाव, सही आहार और नियमित व्यायाम की सख्त सलाह दी।

कैंसर केयर एंबुलेंस रही आकर्षण का केंद्र

आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल ने बताया कि शिविर में मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र, त्वचा, अस्थि, किडनी, दंत, बाल, स्त्री एवं प्रसूति रोग और मनोरोग सहित कई विभागों के विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को देखते हुए शिविर में ‘मोबाइल कैंसर केयर एंबुलेंस’ विशेष तौर पर बुलाई गई थी। इसमें 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की निःशुल्क स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी और ईको जैसी महंगी जांचें भी मुफ्त की गईं।

10 दिन तक फॉलोअप भी रहेगा फ्री

आईएमए के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा ने समाज में पुलिस और डॉक्टर दोनों के काम को सेवा से जुड़ा हुआ बताया। उन्होंने जवानों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा करते हुए कहा कि शिविर में परामर्श लेने वाले पुलिसकर्मी यदि अगले 10 दिनों के भीतर संबंधित डॉक्टरों के पास अपनी क्लिनिक में फॉलोअप के लिए जाते हैं, तो उनसे कोई फीस नहीं ली जाएगी।

​कार्यक्रम का शानदार संचालन करते हुए डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने भी अच्छे स्वास्थ्य को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया।

​अंत में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की पूरी टीम, शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले डॉ. डोलेश्वर पटेल, डॉ. संजीब पुरकायस्थ, डॉ. जया साहू, डॉ. राकेश पटेल, डॉ. मीना पटेल, डॉ. ओम पंडा, डॉ. स्नेहा चेतवानी सहित करीब दो दर्जन से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने डीएसपी सुशांतो बनर्जी और आरआई अमित सिंह सहित पूरी आयोजन टीम को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस परिवार के कल्याण के लिए आगे भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते रहेंगे।