रायगढ़ । शहर में चोरी की वारदातें तो आम हैं, लेकिन इस बार चोरों ने किसी नकदी या जेवर पर नहीं, बल्कि शौक से पाले गए कीमती कबूतरों पर हाथ साफ किया है। जूटमिल थाना क्षेत्र में चोरी का एक ऐसा ही अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मौदहापारा निवासी एक शख्स के घर से चोर 14 ‘मसकली’ और ‘पंजाबी’ नस्ल के बेशकीमती कबूतर उड़ा ले गए। पीड़ित ने इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
2 साल से परिवार के सदस्य की तरह पाला था
मिली जानकारी के अनुसार, मौदहापारा के रहने वाले 43 वर्षीय शेख अंसार ने अपने घर में बड़े चाव से कबूतर पाल रखे थे। शेख अंसार ने बताया कि करीब दो साल पहले उनके बेटे इन कबूतरों को रायगढ़ के अलग-अलग हिस्सों से लेकर आए थे। तब से इन्हें घर में ही सुरक्षित रखा गया था। इनमें विदेशी ‘मसकली’ और ‘पंजाबी’ नस्ल के कबूतर शामिल थे।
पहले खरीदने का दिया ऑफर, फिर की रेकी
पीड़ित अंसार ने जूटमिल थाने में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि 24 मई की सुबह कुछ लड़के उनके घर पहुंचे और इन कबूतरों को खरीदने की इच्छा जताई। जब अंसार ने अपने पसंदीदा कबूतरों को बेचने से साफ इनकार कर दिया, तो वे उस वक्त चले गए। हालांकि, उसी दिन शाम को वही लड़के दोबारा उनके घर के आसपास मंडराने लगे। उन्होंने बड़े ही शातिराना अंदाज में इस बात की ‘रेकी’ की कि कबूतरों को कहां और कैसे रखा जाता है। इसके बाद उसी रात चोरों ने धावा बोल दिया और दड़बे से 14 कबूतरों के साथ-साथ उनके अंडे भी चोरी कर लिए।
कोतरा रोड के लड़कों पर शक की सुई
अगली सुबह जब शेख अंसार ने दड़बा खाली देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने आस-पड़ोस में काफी खोजबीन की, लेकिन कबूतरों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। अपनी सूझबूझ से जब उन्होंने उन लड़कों के बारे में जानकारी जुटाई, तो पता चला कि वे कोतरा रोड इलाके के रहने वाले हैं। शक की सुई सीधे तौर पर उन्हीं लड़कों पर जा रही है, जो एक दिन पहले कबूतर खरीदने आए थे।
पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
सोमवार को शेख अंसार ने जूटमिल थाने पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द उनके कबूतर वापस दिलाए जाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। अब देखना यह है कि पुलिस इन शातिर चोरों को कब तक पकड़ पाती है।



