Skip to content

पुलिस का बड़ा एक्शन; खरसिया से रायगढ़ आकर नशीले इंजेक्शन बेचने वाला सप्लायर गिरफ्तार

रायगढ़ : जिले के युवाओं और मासूम नाबालिगों को नशे की गहरी खाई में धकेलने वाले सौदागरों की अब खैर नहीं है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देश पर जिले में चल रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने नशे के अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने नशीले बुट्रम (Butrum) इंजेक्शन की तस्करी से जुड़े एक और अहम आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

कड़ियों से कड़ियां जोड़कर सप्लायर तक पहुंची पुलिस

पकड़े गए आरोपी की पहचान सुनील श्रीवास उर्फ सुनील ठाकुर (35 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती पनखतिया तालाब पार, खरसिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद पेट्रोलिंग टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया। थाने लाकर जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथी सरोज यादव (बबलू) को 50 नग बुट्रम नशीले इंजेक्शन बेचने का जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

ऐसे खुला था नशे के इस काले नेटवर्क का राज

गौरतलब है कि इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश तीन दिन पहले, 26 मई 2026 को हुआ था। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को भनक लगी थी कि रामलीला मैदान के पास कुछ असामाजिक तत्व युवाओं और नाबालिगों को बुट्रम इंजेक्शन लगाकर नशे का आदी बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा नामक दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ा था।

​तलाशी में इनके पास से 24 नशीले इंजेक्शन, सिरिंज और ₹7,370 नकद बरामद हुए थे। इन दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे यह खेप खरसिया के सरोज यादव से लाते थे। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए सरोज को भी घड़ी चौक से धर दबोचा। इसी सरोज यादव से जब पूछताछ हुई, तो उसने मुख्य सप्लायर सुनील श्रीवास का नाम उगला, जो अब पुलिस की गिरफ्त में है।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, भेजा गया जेल

कोतवाली पुलिस ने आरोपी सुनील श्रीवास के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अपराध क्रमांक 279/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 275, 286 और किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धारा 77 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।