Skip to content

खरसिया : शराब पार्टी में ‘चखने’ के लिए आम तोड़ने पर विवाद, दोस्तों ने पीट-पीटकर की 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या; 3 गिरफ्तार

रायगढ़  28 मई। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब पार्टी के दौरान महज ‘चखना’ (आम) लाने की छोटी सी बात पर हुए विवाद में दोस्तों ने ही एक 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को बरगद के पेड़ के नीचे लिटा दिया ताकि यह एक हादसा लगे। लेकिन खरसिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है और मामले में दो युवकों सहित एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में मिला था किशोर का शव, शरीर पर थे चोट के गंभीर निशान

घटना का खुलासा तब हुआ जब 25 मई को खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव सहित एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त ग्राम बरभौना (थाना छाल) निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। मृतक के सीने और आंखों पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे साफ हो गया था कि मामला हत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह होमोसाइडल (हत्या) बताई गई, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

ऐसे खुली हत्या के राज की परतें

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर गांव के ही ऋषि डनसेना को तलब किया। ऋषि ने बताया कि 24 मई की सुबह वह मृतक को अपनी बाइक पर बिठाकर काम के लिए ले गया था। बाद में वह किशोर को चन्द्रशेखर उर्फ चंदा, रघुनाथ उर्फ रघु सिंह और एक नाबालिग के पास छोड़कर चला गया। ऋषि ने पुलिस को यह भी बताया कि जब उसने बाद में चन्द्रशेखर को फोन किया, तो बैकग्राउंड से झगड़े और मारपीट की आवाजें आ रही थीं।

आम तोड़ने की बात पर शुरू हुआ था खूनी खेल

पुलिस ने शक के आधार पर चन्द्रशेखर, रघुनाथ और नाबालिग को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वे टूट गए। आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन चारों खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखने के लिए आम तोड़कर लाने की बात पर मृतक और चन्द्रशेखर के बीच बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तीनों आरोपियों ने मिलकर किशोर की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा दिखाने की रची थी साजिश

हत्या के बाद घबराए आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को उठाकर बरगद पेड़ के नीचे लिटा दिया। जब ऋषि ने उनसे किशोर के बारे में पूछा, तो उन्होंने झूठ बोल दिया कि वह खा-पीकर अपने घर चला गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं और साक्ष्य छिपाने के जुर्म में धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ दी है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. ​चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना (22 वर्ष), निवासी- ग्राम बरभौना, थाना छाल
  2. ​रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया (30 वर्ष), निवासी- बेहरामुड़ा, थाना छाल
  3. ​एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)

​सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।