Skip to content

रामभांठा में नाबालिगों को सोल्यूशन बेचकर नशे के गर्त में धकेलने वाला आरोपी गिरफ्तार, राउरकेला से जुड़ा है तार

रायगढ़, 27 मई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस का नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार अपराधियों पर कहर बरपा रहा है। कल गांजा और नशीले इंजेक्शन के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई के बाद, आज कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को दबोचा है, जो शहर के मासूम बच्चों को नशे की लत लगा रहा था। यह आरोपी मुनाफा कमाने के लिए नाबालिगों को नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाला ‘सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन’ बेचता था। पुलिस ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना और संजय मैदान में पुलिस की दबिश

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस शहर में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त पर पैनी नजर रखे हुए है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि रामभांठा स्थित संजय मैदान के पास ‘डोकरी’ नाम का एक युवक छोटे-छोटे बच्चों को सोल्यूशन बेच रहा है।

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर घेराबंदी की। पुलिस पेट्रोलिंग को देखते ही वहां मौजूद कई नाबालिग लड़के भागने लगे। पुलिस ने एक किशोर को रोककर पूछताछ की, जिसने बताया कि उसने ‘डोकरी सिदार’ से 40 रुपये में सोल्यूशन खरीदा है। किशोर के पास से भी सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन का एक ट्यूब बरामद हुआ।

दौड़ाकर पकड़ा गया आरोपी, झोले से मिले सोल्यूशन के 19 ट्यूब

​तथ्यों की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे संदेही को दौड़ाकर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार (26 वर्ष), निवासी सुसडेगा, थाना पत्थलगांव (जिला जशपुर) बताया।

​पुलिस ने जब आरोपी के थैले की तलाशी ली, तो उसमें से 50-50 एमएल क्षमता वाले 19 नग सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन (नंबर-04) और बिक्री की रकम 240 रुपये समेत अन्य सामान बरामद हुआ।

राउरकेला से लाता था नशे की खेप

​आरोपी शिवशंकर ने पुलिस के सामने कबूल किया कि वह ओडिशा के राउरकेला से सोल्यूशन खरीदकर लाता था। 10 दिन पहले ही वह राउरकेला से 5 बॉक्स सोल्यूशन खरीदकर लाया था। वह रायगढ़ शहर के विभिन्न मोहल्लों में घूम-घूमकर नाबालिग लड़कों को 50 से 60 रुपये में यह सोल्यूशन बेचता था, जिसका उपयोग बच्चे नशे के लिए कर रहे थे।

BNS और JJ एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई

​कोतवाली पुलिस ने गवाहों के सामने सामग्री जप्त कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 284/2026 दर्ज किया गया है।

  • लगाई गई धाराएं: भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 275, 286 एवं किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) की धारा 77।

​आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।