रायगढ़, 25 मई । जिले में आईपीएल क्रिकेट सट्टे और जुए के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार सटोरियों की कमर तोड़ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए धरमजयगढ़ पुलिस ने बीती रात ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से नगदी, सट्टा-पट्टी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसके जरिए वह आईपीएल मैचों में हार-जीत का लाखों का दांव लगवा रहा था।
खंडहर बन चुके भारत टॉकीज के सामने चल रहा था खेल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 24 मई की रात धरमजयगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना थी कि पिछले 10-12 सालों से बंद पड़े भारत टॉकीज के सामने कुछ लोग आईपीएल मैच पर सट्टा खिला रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी (निरीक्षक) राजेश जांगड़े के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। एएसआई मंजू मिश्रा, आरक्षक विजयानंद राठिया और कमलेश केरकेट्टा की इस टीम ने मौके पर अचानक दबिश दी।
पुलिस की भनक लगते ही वहां मौजूद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन एक शख्स सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष भौमिक (38 वर्ष), पिता संजन भौमिक, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी (खरसिया रोड) बताया।
हिसाब-किताब के साथ डिजिटल साक्ष्य भी मिलने की उम्मीद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक कागज मिला, जिस पर आईपीएल टीमों के नाम और रुपयों का हिसाब दर्ज था। मौके से 725 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस अब इस मोबाइल की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े बड़े खाइवालों और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने की पूरी संभावना है। फिलहाल, आरोपी मनीष भौमिक के खिलाफ थाना धरमजयगढ़ में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध (क्र. 149/2026) दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
‘ऑपरेशन अंकुश’: अब तक 62 गिरफ्तार, सवा करोड़ के करीब जब्ती
SSP शशि मोहन सिंह के कार्यभार संभालने के बाद से ही जिले में सट्टेबाजों पर पुलिस काल बनकर टूट रही है। फरवरी 2026 से शुरू हुए ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने अब तक कुल 62 सटोरियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इस दौरान 1 करोड़ 9 लाख रुपये से ज्यादा की भारी-भरकम नकदी, सैकड़ों मोबाइल फोन, लैपटॉप और नोट गिनने की 2 मशीनें जब्त की जा चुकी हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सट्टे के तार खंगालते हुए रायगढ़ पुलिस की टीमें कोलकाता से लेकर गोवा तक के खाइवालों को पकड़ कर ला चुकी हैं।



