रायगढ़। शहर की आबोहवा और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नगर पालिक निगम ने अब बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। नियमों को ताक पर रखकर शहर में जगह-जगह मेडिकल वेस्ट (अस्पताल का कचरा) फेंकने वाले ‘कान्हा हॉस्पिटल’ पर निगम ने कड़ा एक्शन लेते हुए 25 हजार रुपए का भारी-भरकम जुर्माना ठोका है। इसके साथ ही, आम रास्तों पर कब्जा जमाकर आवाजाही बाधित करने वाले कारोबारियों को भी निगम ने नहीं बख्शा।
संक्रमण को न्योता दे रहा था कान्हा हॉस्पिटल
स्वच्छता और नागरिकों की सेहत को सर्वोपरि रखते हुए निगम की टीम इन दिनों एक्शन मोड में है। हाल ही में जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि ‘कान्हा हॉस्पिटल’ प्रबंधन द्वारा बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित और तय निष्पादन के बजाय, उसे खुले में शहर के अलग-अलग हिस्सों में डंप किया जा रहा था। खुले में पड़े इस मेडिकल वेस्ट से शहर में गंभीर संक्रमण और महामारियां फैलने का सीधा खतरा मंडरा रहा था। इस घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने तत्काल छापामार कार्रवाई की और अस्पताल प्रबंधन पर 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया। निगम ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही सामने आई, तो इससे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क को जागीर समझने वालों पर भी कार्रवाई
निगम के इस सघन अभियान की जद में वो लोग भी आए, जिन्होंने सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण का अड्डा बना रखा था:
- शंकर टिंबर (सावित्री नगर रोड): इनके द्वारा मुख्य मार्ग पर ही लकड़ियों का अंबार लगा दिया गया था, जिससे राहगीरों और यातायात को भारी परेशानी हो रही थी। निगम ने इस मनमानी पर लगाम कसते हुए संचालक पर 5,000 रुपए का जुर्माना लगाया।
- दिलबहार होटल (रेलवे स्टेशन रोड): स्टेशन रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर इस होटल के संचालक ने गिट्टी, बालू और निर्माण सामग्री डंप कर के सड़क को बाधित कर दिया था। निगम की टीम ने यहाँ भी त्वरित कार्रवाई करते हुए 2,000 रुपए का जुर्माना वसूला।
आयुक्त की दो टूक: “नियम तोड़ेंगे तो कार्रवाई के लिए रहें तैयार”
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सख्त लहजे में शहरवासियों, व्यवसायियों और अस्पताल संचालकों को हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। किसी भी व्यक्ति या संस्थान द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर मेडिकल वेस्ट, निर्माण मलबा या अन्य कचरा फेंकना और सड़कों पर अतिक्रमण करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम का यह डंडा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह चलता रहेगा।



