Skip to content

रायगढ़ शहर के विकास को मिली नई रफ्तार: एमआईसी की बैठक में करोड़ों के प्रस्तावों पर लगी मुहर, पेयजल और सौंदर्यीकरण पर बड़ा फोकस

रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को आधुनिक व सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई महापौर परिषद (एमआईसी) की अहम बैठक में शहर की दशा और दिशा सुधारने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से हरी झंडी दे दी गई। बैठक में मुख्य रूप से करोड़ों रुपये की लागत से जल प्रदाय व्यवस्था के कायाकल्प, शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर अहम फैसले लिए गए।

पेयजल व्यवस्था का होगा कायाकल्प, मंजूर हुए करोड़ों के प्रोजेक्ट

शहरवासियों को निर्बाध और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एमआईसी ने दो बड़े फैसलों पर अपनी मुहर लगाई है। 9 एमएलडी फिल्टर प्लांट के जीर्णोद्धार (रेनोवेशन) और अपग्रेडेशन के लिए 15वें वित्त आयोग के फंड से 350 लाख रुपये का प्राक्कलन शासन को भेजा जाएगा। इसके साथ ही, जर्जर हो चुके पुराने इंटेकवेल की जगह एक सर्वसुविधायुक्त नया इंटेकवेल बनाने और पाइपलाइन विस्तार के लिए 476.45 लाख रुपये की वृहद कार्ययोजना को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है।

रोशन होंगी सड़कें, आवागमन होगा सुरक्षित

रात के समय शहर के ट्रैफिक को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए निगम कार्यालय से कायाघाट चौक (आर.ओ.बी.) तक नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए 64.58 लाख रुपये के प्रस्ताव को तकनीकी स्वीकृति के लिए शासन को भेजने का निर्णय लिया गया है।

फॉरेस्ट ऑफिस के पास बनेगा शानदार गार्डन

शहर में हरियाली और नागरिकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए वार्ड क्रमांक 27 स्थित फॉरेस्ट ऑफिस के पास एक सर्वसुविधायुक्त गार्डन विकसित किया जाएगा। इसके लिए 84.06 लाख रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। इस उद्यान के निर्माण से आसपास के लोगों को एक बेहतरीन और प्रदूषण मुक्त वातावरण मिल सकेगा।

स्वच्छता श्रृंगार योजना से चकाचक होंगे सार्वजनिक शौचालय

स्वच्छता के मोर्चे पर भी एक बड़ा फैसला लिया गया है। अब शहर के विभिन्न वार्डों में संचालित सार्वजनिक शौचालयों को ‘स्वच्छता श्रृंगार योजना’ में शामिल किया जाएगा। इससे इन शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पहले से कहीं अधिक बेहतर और हाईटेक हो सकेगी।

पेंशन और मैनपॉवर को भी मिली हरी झंडी

सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 8 पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों को जांच के बाद स्वीकृति दे दी गई। इसके अलावा, नगर निगम के जल और उद्यान विभाग के सुचारू संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 102 प्लेसमेंट कर्मचारियों (जिनमें पंप ऑपरेटर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और माली शामिल हैं) की व्यवस्था के प्रस्ताव को भी पास कर दिया गया है।

​बैठक के दौरान निगमायुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी प्रस्तावों की विस्तृत और तकनीकी जानकारी पटल पर रखी। इस महत्वपूर्ण एमआईसी बैठक में सदस्य सुरेश गोयल, पंकज कंकरवाल, अशोक यादव, पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, त्रिवेणी डहरे, अमित शर्मा और आनंद भगत सहित निगम के सभी प्रमुख अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।