Skip to content

रायगढ़ तहसील में हड़कंप: जमीन के काम से आए बुजुर्ग की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम।

रायगढ़। शहर के तहसील कार्यालय में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, जब अपने काम से आए एक बुजुर्ग अचानक गश खाकर गिर पड़े। आनन-फानन में प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अपर कलेक्टर के शासकीय वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतरारोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उच्चभट्ठी निवासी 71 वर्षीय जवाहर लाल चौधरी सोमवार को अपनी निजी जमीन से जुड़े किसी काम के सिलसिले में तहसील कार्यालय पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 11:30 बजे वे परिसर में मौजूद थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। असहज महसूस करते हुए वे वहीं जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों, अधिकारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों ने दिखाई तत्परता, नहीं किया एंबुलेंस का इंतजार

बुजुर्ग को इस तरह गिरता देख वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी संवेदनशीलता का परिचय दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय, बिना वक्त गंवाए बुजुर्ग को तुरंत अपर कलेक्टर की गाड़ी में बैठाकर जिला चिकित्सालय के लिए रवाना किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद बुजुर्ग की जान नहीं बचाई जा सकी और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण

इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद कोतरारोड थाना पुलिस और प्रशासनिक अमले ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। डॉक्टरों और पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हार्ट अटैक का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस घटना के बाद तहसील कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए कामकाज प्रभावित रहा और लोग सकते में नजर आए।