रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र से आज दोपहर एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। रायगढ़-सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम तेतला के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए सन्नाटा पसर गया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
तेज रफ्तार बनी काल
मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना दोपहर उस वक्त हुई जब महेश निषाद और सोनू माली नामक दो युवक रायगढ़ से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा (चंद्रपुर) से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 13 LA 1157 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रक की रफ्तार काफी अधिक थी, जिसके कारण बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुसौर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
परिजनों में मचा कोहराम
महेश और सोनू की असमय मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। खुशमिजाज स्वभाव के इन दोनों युवकों की मौत ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, पुसौर पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी विवेचना कर रही है।



