Skip to content

रायगढ़ में स्कूटी  से गांजा तस्करी: 1.81 लाख के गांजा के साथ 3 तस्कर पकड़ाए.. ओडिशा से लाकर बेचते थे..!

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी कर उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे तीन तस्करों को रंगे हाथों दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है।

स्कूटी से तस्करी की मिली थी सूचना

पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक नीले रंग की स्कूटी (हीरो डेस्टिनी) पर तीन व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर घेराबंदी की। संदिग्ध स्कूटी के आते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें बोरियों के अंदर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

जब्त सामग्री और आरोपी

तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत ₹1,81,000 बताई जा रही है। गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग ₹2.11 लाख है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  1. विजय एक्का (34 वर्ष): निवासी मुड़ापारा, लैलूंगा।
  2. हेमसागर यादव (43 वर्ष): निवासी मुड़ापारा, लैलूंगा।
  3. परमेश्वर यादव (45 वर्ष): निवासी फरसाटोली, जिला जशपुर।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ के स्थानीय इलाकों में खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।