रायगढ़। नगर पालिक निगम रायगढ़ द्वारा संपत्ति कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपना लिया गया है। बड़े बकायेदारों के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत निगम की टीम ने आज उर्दना स्थित रामाधीन पेट्रोल पंप को सील कर दिया। उक्त संस्थान पर वर्ष 2022-23 से कुल 4,35,574 रुपये का टैक्स बकाया था।
नोटिस की अनदेखी पर गिरी गाज
निगम प्रशासन के अनुसार, रामाधीन पेट्रोल पंप के संचालक को बकाया राशि जमा करने के लिए पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद संचालक द्वारा भुगतान को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। अंततः निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बड़े बकायेदारों में हड़कंप मच गया है।
कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय की सख्त चेतावनी
निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने स्पष्ट किया है कि प्रॉपर्टी टैक्स शहर के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत है। उन्होंने कहा कि समय पर टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अवकाश के दिनों में भी जमा होगा टैक्स
निगम ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे सीलिंग, कुर्की एवं अन्य विधिक कार्रवाई से बचने के लिए समय पर संपत्तिकर, समेकितकर, जलकर, दुकान किराया एवं यूजर चार्ज का भुगतान करें।
- बड़ी सूचना: बकाया वसूली को देखते हुए निगम का राजस्व विभाग अब अवकाश के दिनों में भी खुला रहेगा। नगर निगम क्षेत्र के करदाता छुट्टी वाले दिन भी कार्यालयीन समय पर अपना टैक्स जमा कर सकते हैं।


