रायगढ़। जिले की खरसिया पुलिस ने ट्रेलर चालक से लूटपाट और बंधक बनाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल चालक से नकदी लूटी, बल्कि उसे डरा-धमकाकर कियोस्क सेंटर से भी पैसे निकलवाए थे। एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े रुख के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 27 फरवरी 2026 की है, जब बिहार के गया जिले का रहने वाला ट्रेलर चालक मिथुन कुमार यादव कोयला लेकर तमनार से रॉबर्टसन की ओर जा रहा था। रात करीब 02:30 बजे रॉबर्टसन के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने रास्ता रोककर चालक के साथ मारपीट की और उससे ₹10,000 लूट लिए।
इतना ही नहीं, आरोपी ने चालक को रातभर बंधक बनाकर रखा और अगली सुबह डरा-धमकाकर चपले स्थित एक कियोस्क शाखा से ₹32,000 और निकलवा लिए। पीड़ित ने किसी तरह अपने मालिक को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। निजी कारणों से गांव चले जाने के कारण पीड़ित ने 21 मार्च को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित दबिश और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस ने ग्राम बड़े डूमरपाली में दबिश देकर आरोपी सोमनाथ डनसेना (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है।
आदतन अपराधी है सोमनाथ
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सोमनाथ डनसेना एक आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ खरसिया थाने में पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे “असामाजिक तत्व” की श्रेणी में रखकर उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।


