Skip to content

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शहर के दो इलाकों में सट्टा रेड.. 3 पकड़ाए; फरार खाईवालों की तलाश तेज..!

रायगढ़, 20 मार्च 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाई जा रही ‘विजुअल पुलिसिंग’ और ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में साइबर सेल, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर सट्टा पट्टी लिखते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

रेलवे बंगलापारा में पहली कार्रवाई: मैनेजर और खाईवाल फरार

​कोतवाली थाना क्षेत्र के रेलवे बंगलापारा में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेड की। पुलिस को देख मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर छबिराम धीवर को दबोच लिया। पूछताछ में उसने कुख्यात सट्टा खाईवाल पप्पू बरेठ और उसके मैनेजर दीनदयाल साहू के लिए सट्टा लिखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के पास से ₹1000 नगद, कैलकुलेटर, मोबाइल और करीब ₹9835 की सट्टा पट्टी जब्त की है। फिलहाल पप्पू बरेठ और दीनदयाल साहू फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

मरीन ड्राइव पर साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की दबिश

​दूसरी बड़ी कार्रवाई बेलादुला मरीन ड्राइव क्षेत्र में हुई। यहाँ साइबर और चक्रधरनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश देकर मो. एजाज और राजेश देवांगन को सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा। आरोपियों के पास से ₹710 नगद, मोबाइल और ₹1800 की सट्टा पट्टी बरामद हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि ये दोनों मधुबनपारा निवासी खाईवाल सहनावाज मालिक उर्फ सानू के लिए काम कर रहे थे। पुलिस ने सानू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  1. छबिराम धीवर (40 वर्ष), निवासी: रेलवे बंगलापारा, रायगढ़।
  2. मो. एजाज (30 वर्ष), निवासी: जिंदल पतरापाली, रायगढ़।
  3. राजेश देवांगन (45 वर्ष), निवासी: बेलादुला मरीन ड्राइव, रायगढ़।

फरार आरोपी: पप्पू बरेठ, दीनदयाल साहू और सहनावाज मालिक उर्फ सानू।