Skip to content

पुलिस की मुस्तैदी से बैंक डकैती की बड़ी साजिश नाकाम.. घेराबंदी देख भागे बदमाश..

रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र की घटना; एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम के लिए की नकद पुरस्कार की घोषणा

रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई (क्विक रिस्पॉन्स) की वजह से एक बड़ी बैंक लूट की वारदात टल गई। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए, जिससे बैंक के लॉकर सुरक्षित बच गए। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है।

आधी रात को संदिग्ध वाहन देख ठिठके आरक्षक

​मिली जानकारी के अनुसार, जूटमिल पुलिस की टीम प्रतिदिन की तरह रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान आरक्षक परमानंद पटेल एवं समीर बेक अपने निजी वाहन से कोड़ातराई स्थित बैंक की चेकिंग के लिए जा रहे थे। तभी उन्हें पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ा दिखाई दिया। बैंक की लाइटें बंद होने के कारण आरक्षकों को अनहोनी की आशंका हुई और वे तत्काल बैंक की ओर बढ़े।

घेराबंदी देख डीवीआर लेकर भागे आरोपी

​पुलिसकर्मियों को आता देख बाहर खड़े वाहन के चालक ने गाड़ी स्टार्ट कर दी। तभी बैंक के भीतर से एक अन्य व्यक्ति भागते हुए आया और गाड़ी में बैठकर शहर की ओर फरार हो गया। आरक्षकों ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह और प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रायफल के साथ मौके पर घेराबंदी की।

जांच में खुलासा: दीवार तोड़ने की थी तैयारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी सहित अन्य थानों का बल भी मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि:

  • ​आरोपियों ने बैंक का चैनल गेट तोड़कर भीतर प्रवेश किया था।
  • ​बाहरी सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
  • ​साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपी बैंक के दो डीवीआर अपने साथ ले गए।
  • ​बैंक के चेस्ट और लॉकर से लगी दीवार को तोड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन पुलिस की धमक ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।