रायगढ़। मुख्य संवाददाता रायगढ़ पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल से चोरी हुई मोटरसाइकिल को महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इलाज कराने आए ग्रामीण की चोरी हुई थी बाइक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लुकापारा निवासी मुकुटमणी चौहान 15 मार्च को अपनी पत्नी का उपचार कराने जिला अस्पताल रायगढ़ आए थे। उन्होंने दोपहर करीब 1 बजे अपनी हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (CG 13 BA 0815) स्टैंड में खड़ी की थी, जो शाम को गायब मिली। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
CCTV और तकनीकी इनपुट से खुले राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्धों की पहचान हुई। मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने चक्रधरनगर क्षेत्र के टीवी टावर इलाके में दबिश दी।
घर में छिपाकर रखी थी मोटरसाइकिल
पुलिस ने घेराबंदी कर शिव सारथी (24), शंकर मिंज (25) और रश्मि भारद्वाज (25) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि लॉक तोड़कर वे बाइक ले उड़े थे और उसे बेचने की फिराक में घर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये कीमत की बाइक बरामद कर ली है।



