Skip to content

Raigarh: रेलवे स्टेशन में महिला से मारपीट करने वाले 4 आरोपी  गिरफ्तार


रायगढ़, 13 फरवरी 2026। रायगढ़ में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी दिखाई है। रेलवे स्टेशन के बाहर एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण के साथ-साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है।


मामूली विवाद और मारपीट


पीड़ित पवन यादव (निवासी रायपुर) अपनी पत्नी पूजा यादव और दो बच्चों के साथ रायगढ़ में फुग्गे बेचने आया था। 12 फरवरी की रात करीब 7 बजे जब वे रेलवे स्टेशन के सामने खाना बना रहे थे, तब कुछ स्थानीय युवकों ने उनसे गिलास मांगा। गिलास देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते महिला और उसके पति पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।


एक्शन मोड में पुलिस


मीडिया के माध्यम से मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के संज्ञान में आया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।
कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने टीम के साथ रात में ही पीड़ितों की तलाश की और उनके बयान दर्ज कर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू की।


गिरफ्तार किए गए आरोपी


पुलिस ने बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले और वर्तमान में रायगढ़ रेलवे कॉलोनी में रह रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  • शशि कुमार पासवान (25 वर्ष)
  • राकेश कुमार पासवान (24 वर्ष)
  • रोशन भारती उर्फ पप्पू (29 वर्ष)
  • पप्पू पासवान (50 वर्ष)