Skip to content

सावधान ! रील के चक्कर में जा सकते हैं जेलः इंस्टाग्राम पर गन लहराना दीदार अली को पड़ा महंगा, SSP ने दी सख्त चेतावनी

रायगढ़। सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और ‘फॉलोअर्स’ के चक्कर में हथियारों का प्रदर्शन करने वाले युवाओं के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने अब मोर्चा खोल दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर धरमजयगढ़ और खरसिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को दबोचा है, जो सार्वजनिक मार्ग पर गन के साथ रील बनाकर दहशत फैला रहा था।


क्या है पूरा मामला?


बीते दिनों सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर didar.Ali.927 नाम की आईडी से एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक युवक हाथ में गन लेकर सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शन कर रहा था। जैसे ही यह वीडियो एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया, उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच और पहचान

​एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में जांच शुरू हुई। पुलिस ने पाया कि रील बनाने वाला युवक दीदार अली (33 वर्ष) है, जो मूल रूप से खरसिया के पुरानी बस्ती का निवासी है और वर्तमान में धरमजयगढ़ में अपने रिश्तेदार के घर रह रहा था।

पुलिसिया कार्रवाई और ज़ब्ती

पुलिस टीम ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। युवक ने बताया कि वीडियो में दिख रही गन दरअसल एक ‘छर्रा वाली एयरगन’ है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि भले ही इसके लिए लाइसेंस की जरूरत न हो, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर इसे खतरनाक हथियार की तरह प्रदर्शित करना कानूनन अपराध और शांति व्यवस्था के खिलाफ है।

कार्रवाई की धाराएं: पुलिस ने युवक के विरुद्ध धारा 126, 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त हिदायत दी है।